बिलासपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / तीज और गणेश चतुर्थी पर्व के बीच आज शाम सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। सोमवार शाम गणेश पंडाल के पास दो युवकों के बीच आपसी विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में कई वार लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आस-पास के लोगों की मदद से उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
गणेश पंडाल के पास हुआ विवाद
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान आरोप है कि अमन सूर्यवंशी ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। अचानक हुए चाकू के हमले से आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मौक़ा मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है।

