दुर्ग। TODAY छत्तीसगढ़ / जमीन खरीदकर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाकर रकम लेने और बाद में उसी जमीन को किसी दूसरे व्यक्ति को अधिक कीमत पर बेचने के आरोप में मोहन नगर पुलिस ने एक जमीन दलाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्रार्थी से जमीन सौदे के नाम पर कुल 10.01 लाख रुपये की राशि दिलवाई थी। इसके बाद जमीन का सीमांकन और रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर मामला टालता रहा। बाद में पता चला कि जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी गई है।
मामले में पुलिस ने आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की (38) निवासी मैत्री नगर, रिसाली, भिलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले के दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार शांति नगर निवासी विजय सिंह चौहान (53) की वर्ष 2024 में अजय साहू से पहचान हुई थी। अजय ने खुद को जमीन खरीद-बिक्री का काम करने वाला बताते हुए विजय की पहचान लोकेश खुल्लर और अमित साहू से कराई।
आरोपियों ने विजय को उरला, दुर्ग स्थित करीब 10 हजार वर्गफीट जमीन दिखाई और कम समय में अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया। विजय ने अकेले जमीन खरीदने में असमर्थता जताई तो लोकेश ने आधी जमीन खुद खरीदने और उसके साथ साझेदारी में सौदा करने की बात कही। इसके बाद जमीन मालिकों से मुलाकात कराकर जमीन का सौदा ₹1,250 प्रति वर्गफीट की दर से तय कराया गया।
पुलिस के मुताबिक 7 अक्टूबर 2024 को जमीन संबंधी इकरारनामा कराया गया। रजिस्ट्री से पहले जमीन का सीमांकन कराने और मौके पर मौजूद बिजली के खंभे को हटवाने की जिम्मेदारी लोकेश ने ली थी।
प्रार्थी के अनुसार आरोपियों के कहने पर 3 अक्टूबर को अमित साहू को ₹51 हजार और 7 अक्टूबर को जमीन मालिकों के नाम क्रमश: ₹5 लाख और ₹4.50 लाख के चेक दिए गए। संबंधित खातों से रकम भी प्राप्त हो गई लेकिन तय समय पर न तो जमीन का सीमांकन कराया गया और न ही रजिस्ट्री। इसके बजाय प्रार्थी को लगातार जल्द काम होने का आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में विजय को जानकारी मिली कि जिस जमीन के लिए उसने रकम दी थी, उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर रजिस्ट्री भी करा दी गई है। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर पैसे वापस नहीं किए गए।
इसके बाद 14 सितंबर 2026 को प्रार्थी ने मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने भूमि सौदे से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की जानकारी जुटाई। इसके आधार पर आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की की पहचान कर आज उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है।

