Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

गोल्फ के नक्शे पर छत्तीसगढ़ की नई एंट्री, नवा रायपुर ओपन में 18 विदेशी खिलाड़ी भी लेंगे हिस्सा

कपिल देव की मौजूदगी में नवा रायपुर ओपन का आगाज, छत्तीसगढ़ को गोल्फ डेस्टिनेशन बनाने का संकल्प

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ अब सिर्फ क्रिकेट, हॉकी या पारंपरिक खेलों तक सीमित नहीं रहना चाहता। प्रदेश को देश-दुनिया के गोल्फ मानचित्र पर भी स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने खुद गोल्फ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।

‘नवा रायपुर ओपन बनेगा छत्तीसगढ़ की नई पहचान’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रोफेशनल गोल्फ के इतने बड़े आयोजन की मेजबानी छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में नवा रायपुर ओपन छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा।

उन्होंने कहा कि 132 प्रोफेशनल खिलाड़ियों का यहां पहुंचना प्रदेश में विकसित हो रहे अनुकूल खेल वातावरण को दिखाता है। ऐसे आयोजन केवल मैदान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि राज्य की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत करने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।

कभी फिल्मों में देखते थे गोल्फ

मुख्यमंत्री ने गोल्फ से जुड़ी अपनी स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि एक समय लोग गोल्फ को सिर्फ सुनते थे या फिल्मों में खिलाड़ियों को यह खेल खेलते देखते थे। आज छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ का इतना बड़ा टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अब गोल्फ किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। प्रदेश में इस खेल की संभावनाएं बढ़ रही हैं और सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंट के आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगी।

खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों पर सरकार का फोकस

CM साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रतिभा के आगे बढ़ने में संसाधनों और अवसरों की कमी बाधा न बने।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नेशनल ट्राइबल गेम्स के साथ बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन भी हुए हैं। इनसे दूरदराज के इलाकों के हजारों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है।

बस्तर और सरगुजा आने का खिलाड़ियों को न्योता

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए गोल्फ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें टूर्नामेंट के साथ प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति देखने का न्योता दिया।

उन्होंने खिलाड़ियों से बस्तर और सरगुजा की यात्रा करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने चित्रकोट जलप्रपात समेत बस्तर के प्राकृतिक स्थलों और सरगुजा की पहाड़ियों, जंगलों और संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाड़ी यहां से सिर्फ टूर्नामेंट की यादें नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के आत्मीय आतिथ्य की यादें भी लेकर जाएं।

कपिल देव बोले- हर साल हो नवा रायपुर ओपन

पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े प्रोफेशनल आयोजन प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रेरित करते हैं।

कपिल देव ने इच्छा जताई कि नवा रायपुर ओपन का आयोजन हर साल छत्तीसगढ़ में हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं। इससे देश-विदेश के प्रोफेशनल खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार छत्तीसगढ़ आने की योजना बना सकेंगे।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां मिलने वाला आत्मीय आतिथ्य भी खिलाड़ियों को आकर्षित करता है। उनके मुताबिक जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के बड़े गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है।

गोल्फ के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों का हर बार आत्मीय स्वागत होता है। यहां का वातावरण, गोल्फ कोर्स और व्यवस्थाएं खिलाड़ियों को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पर्यटन और अन्य खेलों के साथ-साथ उभरते गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान बना रहा है।

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। इससे नवा रायपुर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ सर्किट में पहचान मिलने के साथ प्रदेश में खेल पर्यटन और नई खेल प्रतिभाओं के लिए भी अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा