Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

सरगुजा संभाग में सड़कों की बदलेगी तस्वीर,1,093 करोड़ की मंजूरी

6 जिलों में सड़कों का मेगा अपग्रेड, फोरलेन से पुल-पुलिया तक पर होगा बड़ा काम

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  सरगुजा संभाग में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। संभाग के सभी छह जिलों सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर में 44 मुख्य सड़क कार्यों के लिए कुल 1,093.73 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

इन परियोजनाओं में नई सड़कें बनाने के साथ चौड़ीकरण, डामरीकरण, सड़क सुदृढ़ीकरण, फोरलेन निर्माण और जरूरत के मुताबिक पुल-पुलिया का निर्माण शामिल है। सरकार का दावा है कि इन कामों से संभाग में आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

सरगुजा जिले में अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र के लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 69.10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किलोमीटर फोरलेन के लिए 61.34 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। लुण्ड्रा और सीतापुर क्षेत्र में भी कई सड़क और पुलिया सुदृढ़ीकरण के काम होंगे। इनमें सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए 26.33 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है।

सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर के 63 किलोमीटर मार्ग के लिए 64.93 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा कल्याणपुर-लटोरी मार्ग के लिए 40.93 करोड़, विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के लिए 32.24 करोड़ और सूरजपुर के 17 किलोमीटर रिंग रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए 16.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में परसवार-चलगली 18 किलोमीटर उन्नयन मार्ग के लिए 38.80 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। वहीं वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए 35.32 करोड़ और कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए 25.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

जशपुर जिले में लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा 55.80 किलोमीटर राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.32 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा पत्थलगांव के पहाड़ी हिस्सों के उन्नयन के लिए 36.85 करोड़ रुपये और बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए 34.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सरकार के मुताबिक इन सड़क परियोजनाओं का असर सिर्फ आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क से ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी से विद्यार्थियों के लिए स्कूल-कॉलेज और मरीजों के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। गांवों तक सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच भी तेज होगी।

1,093.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 44 परियोजनाओं को सरगुजा संभाग में सड़क अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। नई और बेहतर सड़कें न केवल छह जिलों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करेंगी, बल्कि कृषि, व्यापार, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को भी बढ़ावा दे सकती हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा