Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पेड़ के नीचे चल रही थी 'शराब की दुकान', 105 पौवा के साथ गिरफ्तार

रायपुर में महिला चला रही थी अवैध शराब का कारोबार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  राजधानी रायपुर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 105 पौवा देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 10,500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 6 जून को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित शक्ति घाट के पास एक महिला अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स तथा डी.डी. नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नेहा कण्डरा निवासी सरोना, डी.डी. नगर बताया।

तलाशी के दौरान महिला के पास रखी बोरी से 105 पौवा देशी शराब बरामद हुई। पुलिस द्वारा शराब रखने और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इस दौरान उसने पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 359/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब, नशे और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा