बिलासपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में मस्तुरी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी और पीड़िता के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था।
पुलिस के अनुसार 5 जून को पीड़िता ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि ग्राम खोरसी निवासी खिलावन सोनी से उसकी पहचान थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी लगातार उससे शादी करने का वादा करता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसके माता-पिता और अन्य परिजन मजदूरी के लिए बाहर जाते थे, तब आरोपी उसके घर पहुंचकर शादी का भरोसा दिलाते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। बाद में 1 मई को आरोपी उसे बहला-फुसलाकर रायपुर स्थित अपनी बहन के किराए के मकान में भी ले गया।
युवती की शिकायत पर मस्तुरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी खिलावन सोनी (33 वर्ष), निवासी ग्राम खोरसी, थाना मस्तुरी को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 6 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।
