रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट रोड पर ट्रक एवं ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, अन्य मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार झारखंड के गढ़वा निवासी रोहित कुमार पासवान ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रक क्रमांक CG-10-R-2370 चलाता है। दो जून की रात करीब एक से दो बजे के बीच जब वह आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और चालक के सिर में चोट आ गई। वाहन रोककर जब वह अपनी चोट देख रहा था, तभी एक युवक ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ तत्काल जांच में जुट गए। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान और उसके साथियों पर संदेह हुआ।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रघुनाथ चौहान और शिव कुमार अघरिया को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी शिव कुमार अघरिया के कब्जे से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें पीड़ित चालक का लूटा गया मोबाइल भी शामिल है। वहीं रघुनाथ चौहान के पास से घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपियों की पहचान परेड एसडीएम घरघोड़ा के समक्ष कराई गई, जिसमें पीड़ित चालक ने सभी आरोपियों की पहचान की। जांच में पांच आरोपियों की सामूहिक संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने प्रकरण में डकैती की धारा 310(2) बीएनएस जोड़ दी।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रहेगा।
