Slider

मिर्च, पत्थर और मौत... पथर्रा गांव में बाउंसर की हत्या

प्रेम प्रसंग के शक में खूनी खेल, जिम संचालक को नहीं मिली बचने की मोहलत

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथर्रा में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। बार बाउंसर और जिम संचालक निखिल गोस्वामी (27) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पत्नी से कथित संबंधों के शक में आरोपी भोला मानिकपुरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात आरोपी ने पहले निखिल गोस्वामी की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। इसके बाद उसके सिर पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में मौके पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक चर्चित बार में बाउंसरों के संचालन से जुड़ा हुआ था और साथ ही जिम का संचालन भी करता था। उसकी हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे महिला से कथित अवैध संबंध और चरित्र शंका का मामला सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com