Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

उड़ीसा से एमपी जा रहा था 300 किलो 'हरा सोना', पुलिस ने खोला करोड़ों का राज

1.86 करोड़ का नशा कारोबार ध्वस्त

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा के साथ दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप दो कारों के माध्यम से मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू कर दी।

कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की। जांच के दौरान इनोवा में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली। वाहन पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के नंबर अंकित पाए गए, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये है। इसके अलावा 20 लाख रुपये कीमत की इनोवा क्रिस्टा, 14 लाख रुपये कीमत की एक्सएल-6 तथा दो आईफोन सहित पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कश्यप निवासी रामानुजगंज, रिंकु कश्यप निवासी सरगुजा और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम सरगुजा और मध्यप्रदेश रवाना की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अंतरराज्यीय तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा