Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

झाड़ू के नीचे छिपा था करोड़ों का गांजा! बस रोकते ही पुलिस भी रह गई दंग

सूरजपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर पुलिस ने एक यात्री बस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए गांजे को झाड़ू और अन्य सामान के बीच छिपाकर रखा था, लेकिन जांच के दौरान उनकी चालाकी पकड़ी गई। पुलिस ने मामले में छह महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में पुलिस को संदिग्ध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और अंबिकापुर से मध्यप्रदेश के कटनी जा रही नीलम ट्रांसपोर्ट की एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली। 

शुरुआती जांच में बस सामान्य यात्री वाहन की तरह नजर आई, लेकिन सामानों की बारीकी से जांच करने पर झाड़ू और अन्य घरेलू सामग्री के बीच टोकरी में छिपाकर रखा गया साढ़े 8 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार बरामद गांजे की कीमत साढ़े 4 करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। इस दौरान बस में सवार कई लोग मौक़ा पाकर भाग निकले लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर 6 महिलाओं को पकड़ा। 

पुलिस का कहना है कि तस्कर अब मादक पदार्थों की तस्करी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी ट्रकों में सामान के नीचे तो कभी निजी वाहनों में गुप्त खानों के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की जाती है। अब यात्री बसों को भी इस अवैध कारोबार का माध्यम बनाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यदि यह खेप अपने गंतव्य तक पहुंच जाती तो मध्यप्रदेश सहित अन्य क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की आपूर्ति हो सकती थी। समय रहते की गई कार्रवाई से न केवल तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी गई है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने के सुराग भी मिले हैं।

फिलहाल पुलिस हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है और पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा