बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर की सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्थित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से त्रिनेत्र सेवा समिति ने जनसहयोग से बिलासपुर में लगभग एक हजार हाईटेक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। समिति का दावा है कि इस पहल से अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की निगरानी, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
समिति के अनुसार शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों, कॉलोनियों तथा आंतरिक एवं बाहरी मार्गों पर आधुनिक तकनीक से लैस कैमरे लगाए जाएंगे। इन सभी कैमरों को एक केंद्रीकृत कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा, जहां से निगरानी और समन्वय का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बिलासपुर प्रवास के दौरान त्रिनेत्र सेवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे सौजन्य भेंट कर परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह अभियान जनसहयोग, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भागीदारी से संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शहर की सुरक्षा और विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
त्रिनेत्र सेवा समिति ने "हरिहर बिलासपुर – ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी" को भी अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
समिति का कहना है कि यह परियोजना केवल सीसीटीवी कैमरे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को शहर की सुरक्षा और विकास प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का प्रयास भी है। पदाधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव में जनसहयोग से संचालित इसी प्रकार की व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसके आधार पर बिलासपुर में इसे और अधिक व्यापक स्वरूप में लागू करने की योजना बनाई गई है।
परियोजना में महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों की स्थापना से असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी तथा किसी भी घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी। इसके अलावा व्यापक सीसीटीवी नेटवर्क चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने में सहायक होगा। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर निगरानी रखी जाएगी, जिससे जाम और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। त्रिनेत्र सेवा समिति ने "हरिहर बिलासपुर – ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी" को भी अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। कैमरों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर निगरानी रखी जाएगी और कचरा फैलाने या सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों पर अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी।
महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों की स्थापना से असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी
परियोजना के सफल संचालन के लिए तकनीकी, वित्तीय, जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार, संचालन और कंट्रोल एंड कमांड सेंटर प्रबंधन जैसी विभिन्न उपसमितियों का गठन किया गया है। समिति ने बिलासपुरवासियों से इस अभियान से जुड़कर शहर को सुरक्षित, स्वच्छ, हरित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है। समिति का मानना है कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के संयुक्त प्रयास से बिलासपुर को आधुनिक, सुरक्षित और जनभागीदारी आधारित स्मार्ट शहर के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
