बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / नगर निगम के वार्ड क्रमांक-29 के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी पकड़ मजबूत साबित की है। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा उम्मीदवार वी. मधुसूदन राव को 1062 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।
बर्जेस हिंदी मीडियम स्कूल में गुरुवार सुबह नौ बजे मतगणना शुरू हुई। दो टेबलों पर चार चरणों में हुई मतगणना के बाद करीब एक घंटे में परिणाम घोषित कर दिया गया। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के शेख आजम और भाजपा के वी. मधुसूदन राव के बीच था।
इस जीत के साथ कांग्रेस ने वार्ड में पिछले चार दशक से चले आ रहे अपने विजय अभियान को बरकरार रखा है। खास बात यह रही कि भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव को पहले शेख आजम के पिता एवं पूर्व पार्षद शेख असलम ने हराया था, जबकि इस बार उनके पुत्र शेख आजम ने भी उन्हें चुनावी मुकाबले में शिकस्त दी।
वार्ड 29 में यह दूसरा उपचुनाव था। इससे पहले पार्षद शेख गफ्फार के निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनके भाई शेख असलम विजयी हुए थे। बाद में सामान्य चुनाव में भी शेख असलम ने जीत दर्ज की थी। उनके निधन के बाद सीट रिक्त होने से एक बार फिर उपचुनाव कराया गया।
69.74 प्रतिशत हुआ मतदान
एक जून को हुए मतदान में वार्ड के कुल 5255 मतदाताओं में से 3665 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इनमें 1826 पुरुष और 1838 महिला मतदाता शामिल रहे। उपचुनाव में कुल 69.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे काफी उत्साहजनक माना जा रहा है। परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया, जबकि भाजपा खेमे में निराशा छा गई। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वार्ड 29 में कांग्रेस की मजबूत संगठनात्मक पकड़ और वर्षों से बना जनाधार इस जीत की बड़ी वजह रहा।
