बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख 77 हजार 950 रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राज्य का समग्र विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त नहीं बनाया जाता। महतारी वंदन योजना इस दिशा में एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी पहल साबित हुई है।
मार्च 2024 से मिल रही है सहायता
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 1 मार्च 2024 से शुरू हुई महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस राशि का उपयोग महिलाएं परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा स्वरोजगार गतिविधियों में कर रही हैं।
अब तक 18 हजार करोड़ से अधिक राशि वितरित
जून 2026 में जारी 28वीं किस्त के साथ ही योजना के अंतर्गत अब तक महिलाओं को कुल 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और महिलाओं की सामाजिक भागीदारी में भी वृद्धि हुई है।
दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को भी मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित नियद नेल्लानार अभियान के तहत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जिलों की 7,770 नई महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है। राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश की प्रत्येक महिला सम्मानजनक और स्वावलंबी जीवन जी सके।
महतारी वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है और लाखों परिवारों के जीवन में आर्थिक स्थिरता तथा खुशहाली का नया अध्याय जुड़ा है।

