रायपुर । TODAY छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर के नार्थ जोन क्षेत्रांतर्गत उरला स्थित इतवारी बाजार में पुलिस ने जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। डीसीपी (नार्थ जोन) के निर्देशन में “संवाद से समाधान” अभियान के तहत पुलिस लगातार जनसंपर्क कर रही है। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बाजार में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनता से जुड़ने के साथ-साथ पुलिस असामाजिक तत्वों पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस ने अपराधियों और गुंडा तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनका मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है, ताकि एक सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण का निर्माण हो सके।
इस दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध से जुड़ी सूचना तुरंत पुलिस से साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। “संवाद से समाधान” अभियान के जरिए रायपुर पुलिस यह संदेश दे रही है कि वह आम जनमानस की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
