बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सिरगिट्टी क्षेत्र में एक फल दुकान संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कथित अवैध संबंधों को लेकर उपजे विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जून की रात करीब 9:30 बजे फल व्यवसायी मनीष गोस्वामी अपनी दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मनीष गोस्वामी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 103 एवं 115(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ कथित संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी लंबे समय से नाराज था और उसने बदला लेने की नीयत से हमला किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी के रायपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
