रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के सतनामी पारा कोटा में आपसी विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल महेश धृतलहरे की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी और ईंट भी बरामद की है।
आपसी विवाद के बाद किया हमला
पुलिस के मुताबिक, सतनामी पारा कोटा निवासी राजेंद्र धृतलहरे ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 7 और 8 अगस्त की दरम्यानी रात आपसी विवाद के दौरान तुषार महिधर उर्फ बाउ और सुरेंद्र मधुकर उर्फ पोका ने उसके भाई महेश धृतलहरे के साथ मारपीट की।
हमले में महेश को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चंद घंटों में पुलिस के हाथ लगे दोनों आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट जोन रोबिनसन गुड़िया के निर्देशन और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी और ईंट बरामद कर जब्त कर ली।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए
सरस्वती नगर पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 168/26 के तहत धारा 109, 103, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- तुषार महिधर उर्फ बाउ, 19 वर्ष, सतनामी पारा मंदिर के पास कोटा, रायपुर।
- सुरेंद्र मधुकर उर्फ पोका, 25 वर्ष, सतनामी पारा मंदिर के पास कोटा, रायपुर।

