Slider

'ईमानदारी और मेहनत मत छोड़िए', साहू समाज को अरुण साव का बड़ा संदेश

साहू समाज के लिए बड़ी खुशखबरी, किरंदुल में खुला छत्तीसगढ़ का सबसे भव्य सामाजिक भवन

बिलासपुर/किरंदुल।   TODAY छत्तीसगढ़  / उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ईमानदारी और मेहनत साहू समाज की सबसे बड़ी पहचान और ताकत है। समाज के लोगों को इस पहचान को हमेशा बनाए रखना चाहिए। वे किरंदुल में तहसील साहू संघ द्वारा आयोजित कर्मा महोत्सव, नवीन सामाजिक भवन नामकरण एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सामाजिक पदाधिकारियों के साथ लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य तैलीय सदन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और नगर पालिका अध्यक्ष रुबी शैलेन्द्र सिंह भी मौजूद रहीं।

श्री साव ने कहा कि किरंदुल में निर्मित यह साहू समाज का भवन छत्तीसगढ़ के सबसे भव्य सामाजिक भवनों में से एक है। उन्होंने समाज के लोगों से आग्रह किया कि भवन का नियमित उपयोग हो और इसे सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज का सभी समाजों के साथ आत्मीय संबंध रहा है। यह समाज हमेशा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि आज साहू समाज के युवा देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने समाज के लोगों से भक्त माता कर्मा के आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने कहा कि तेल निकालना साहू समाज का पारंपरिक व्यवसाय रहा है। इस व्यवसाय को आधुनिक तकनीक के साथ पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि तेल निकालने की मशीनों की स्थापना के लिए सरकार 35 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। समाज के लोग इसका लाभ उठाकर स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com