Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों की शामत! अब तक 3365 चालकों पर कार्रवाई

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं, रायपुर पुलिस की सख्ती जारी

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 3365 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। शनिवार रात चलाए गए विशेष अभियान में भी 52 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। 

पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर एसीपी यातायात सतीश ठाकुर के नेतृत्व में 7 जून की रात शहर के नौ प्रमुख स्थानों—तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भाठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जयस्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया।  

9 चौक, 52 चालक और एक ही रात... रायपुर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा ऑपरेशन

जांच के दौरान कुल 52 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इनमें 34 कार चालक, 11 मोटरसाइकिल चालक, 2 टाटा एस चालक, 4 ट्रक चालक और 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन न चलाएं तथा निर्धारित गति सीमा और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा