भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़ / नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जामुल थाना पुलिस ने अवैध हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला हेरोइन बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।
महिला आरक्षक की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक हजार रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 9 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है। कुल जब्ती की कीमत करीब 9 लाख 97 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राजविन्दर कौर (25 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई के रूप में हुई। उसके खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत धारा 21(बी) एवं 27(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त थी। मामले में नशे के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
