रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जशपुर जिले की रहने वाली 26 वर्षीय युवती वर्तमान में चक्रधरनगर क्षेत्र में रह रही थी। युवती ने 19 अप्रैल को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में एक अनजान मोबाइल नंबर के जरिए उसकी बातचीत आनंद सिंह नामक व्यक्ति से शुरू हुई थी। बातचीत और वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने उससे विवाह करने का आश्वासन दिया।
शिकायत के मुताबिक दिसंबर 2024 में आरोपी रायगढ़ आया और शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह कई बार रायगढ़ आकर उससे मिलता रहा। जब युवती ने विवाह की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया।
युवती को बाद में जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य युवती से विवाह करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला थाना की विशेष टीम आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे रवाना हुई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और रायगढ़ लेकर आई।
पूछताछ के दौरान आरोपी आनंद कुमार सिंह (36 वर्ष), निवासी जिला बस्ती (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवास पुणे (महाराष्ट्र) ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
