LATEST NEWS
Loading Latest News...

दुष्कर्म और गर्भपात कराने वाला ईनामी आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सरकंडा पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि पौसरा निवासी अजय कुमार बघेल (26) पिछले चार वर्षों से उसे पसंद करने और शादी करने का भरोसा देकर संपर्क में था। आरोप है कि चार नवंबर 2024 को आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह विवाह का आश्वासन देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि अप्रैल 2025 में वह गर्भवती हो गई थी। इस दौरान आरोपी ने उसे जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में आरोपी और उसके परिजनों ने सामाजिक रूप से विवाह कराने का भरोसा भी दिया, लेकिन कुछ समय बाद आरोपी शादी की बात से मुकर गया और उससे संपर्क तोड़ लिया।

मामला दर्ज होते ही फरार हो गया था आरोपी

पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।

निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में छिपा था आरोपी

लगातार तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को आरोपी के नागपुर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना हुई और एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर बिलासपुर लाया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस की नजर से नहीं बच पाया 'फिरोज', शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  मौदहापारा थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन गुंडा-बदमाश को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब, नगदी और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 24 हजार 820 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहीद स्मारक भवन की पार्किंग में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम फिरोज खान (52 वर्ष) निवासी रजबंधा मैदान, थाना मौदहापारा बताया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी फिरोज खान क्षेत्र का आदतन गुंडा-बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें प्राप्त हो चुकी थीं। अवैध शराब कारोबार में उसकी सक्रियता को देखते हुए पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी।

आरोपी पर निगरानी रखने के लिए क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे। पुलिस की सख्ती बढ़ने पर आरोपी ने अपने घर से शराब बिक्री बंद कर दूसरे स्थानों पर अड्डा बनाना शुरू कर दिया था। वह लगातार जगह बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर रखा था। इसी कड़ी में मिली सटीक सूचना के आधार पर शहीद स्मारक भवन पार्किंग क्षेत्र में दबिश दी गई और आरोपी को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 36 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब, 500 रुपये नकद और एक होंडा एक्टिवा जब्त की गई। आरोपी शराब रखने और बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

"लॉकर खाली कर उड़ाए लाखों के जेवर, CCTV से पकड़ाया शातिर 'बच्चन'"


रायपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित गोल्डन होम्स कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, चोरी की रकम से खरीदे गए सामान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत लगभग 6.28 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गोल्डन होम्स निवासी भरत छापड़िया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन और चार जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गया। परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर ने आलमारी और लॉकर खोलकर उसमें रखे सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के और नगदी पार कर दी। शिकायत के आधार पर खम्हारडीह थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। 

जांच के दौरान पुलिस को जल विहार कॉलोनी, तेलीबांधा निवासी डी रवि राव उर्फ बच्चन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी के कुछ जेवर और सामान अपने चचेरे भाई डी इग्नेश राव तथा परिचित अशोक मानिकपुरी के पास बिक्री और छिपाने के लिए रखे थे। 

इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी रकम, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन, एक कूलर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। 

6.28 लाख का माल बरामद

  • सोने एवं चांदी के जेवर
  • चांदी के सिक्के
  • नगद रकम
  • चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल
  • एक कूलर
  • घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
  • कुल बरामदगी : लगभग 6.28 लाख रुपये

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी डी रवि राव उर्फ बच्चन पूर्व में चोरी, मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं डी इग्नेश राव भी आर्म्स एक्ट के प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुका है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी रवि राव उर्फ बच्चन पहले भी चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं उसका सहयोगी डी इग्नेश राव आर्म्स एक्ट के मामले में पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

राज्यसभा चुनाव में बीजेपी का क्लीन स्वीप, मध्य प्रदेश की तीनों सीटों पर निर्विरोध जीत

नई दिल्ली / भोपाल। TODAY छत्तीसगढ़  / मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज होने और सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप से इनकार किए जाने के बाद भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं।

भाजपा प्रत्याशी तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को निर्विरोध विजयी घोषित करते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन पर शपथ पत्र में कथित रूप से आपराधिक मामले और न्यायालय से संबंधित जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था। आपत्तियों की सुनवाई के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया था।

नामांकन रद्द होने के बाद मीनाक्षी नटराजन ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने चुनाव परिणाम पर रोक लगाने की मांग की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने चुनावी प्रक्रिया के बीच हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। अदालत के इस फैसले के बाद भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया।

गुजरात में भी भाजपा का दबदबा

मध्य प्रदेश के साथ-साथ गुजरात में भी भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में पूरी बाजी मार ली। राज्य की चारों सीटों पर भाजपा उम्मीदवार राजू शुक्ल, मानसिंह परमार, मुकेश राठवा और जितेंद्र कंजारिया निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए हैं।

इन परिणामों के बाद गुजरात से राज्यसभा में सभी 11 सदस्य भाजपा के हो गए हैं। साथ ही, वर्ष 2029 तक गुजरात से कांग्रेस का कोई भी राज्यसभा सांसद नहीं रहेगा।

राजनीतिक महत्व

मध्य प्रदेश और गुजरात में राज्यसभा चुनाव के नतीजों को भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं, कांग्रेस के लिए यह घटनाक्रम संगठनात्मक और रणनीतिक दृष्टि से बड़ा झटका माना जा रहा है, विशेषकर मध्य प्रदेश में उम्मीदवार का नामांकन खारिज होने के बाद।

मंदिर की सफाई से शुरू हुआ अभियान, फिर गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बिलासपुर ग्रामीण द्वारा "सेवा, स्वच्छता एवं संस्कार अभियान" के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में बेलतरा विधानसभा अंतर्गत राजकिशोर नगर चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात भगवान श्री हनुमान जी के समक्ष सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, विकास तथा जनकल्याण की कामना की गई।

इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित होकर कार्य करना ही भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों पर आधारित संगठन है। इसी उद्देश्य से युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने और सकारात्मक संदेश देने के लिए इस प्रकार के अभियान चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वैभव बैस, भाजपा जिला मंत्री प्रणव शर्मा, निखिल केशरवानी, अनमोल झा, पार्षद जय वाधवानी, अनीश धीवर, अंकुर सिंह, अभिषेक साव, यश गौरहा, लखन वाधवानी, सीता सिंह ठाकुर, विवेक यादव, हिमांश देवांगन, शिवराज साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कभी सिर पर ढोती थी पानी, आज घर में बह रहा नल का जल

रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / "रोज सुबह उठते ही घर में नल से साफ पानी आते देखने की खुशी क्या होती है, इसे कमली से पूछिए। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव को अपने आंगन में लगे नल से आ रहे पानी की धार को दिखाते खुशी से उनकी आंखें डबडबा गईं।" जल जीवन मिशन ने कमली जैसी हजारों महिलाओं को अमूल्य खुशियां दी हैं। कभी पीने और निस्तारी के पानी के लिए दिनभर चिंतित रहने वाली इन महिलाओं का जीवन घर में लगे नल ने बदल दिया है।

उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव अपने चार दिनों के बस्तर प्रवास के दौरान जल जीवन मिशन का काम देखने कमली के भी गांव पहुंचे। कमली के गांव बस्तर जिले के तोकापाल विकासखण्ड के दुगनपाल में उन्होंने कुछ और घरों में भी जाकर नल से पानी आते देखा। जल जीवन मिशन से घर में पानी पहुंचने की खुशी सभी महिलाओं के चेहरे पर दिख रही थी।

जल जीवन मिशन दूरस्थ गांवों और वनांचलों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रहा है। आधी आबादी के एक बड़े हिस्से को पीने के पानी के लिए रोज जूझना पड़ता था। खासतौर से गर्मियों के दिनों में जब हर साल सिर पर पानी के बर्तन का सफर कुछ सौ मीटरों से कुछ किलोमीटरों में बदल जाता था। 

जीवन के लिए अनिवार्य जरुरत पानी की व्यवस्था गर्मियों में महिलाओं का जीवन दुष्कर बना देती थी। दुगनपाल में भी महिलाओं को रोज गांव के हैंडपंप या कुआं पर जाकर घर के सभी लोगों के लिए पानी का इंतजाम करना पड़ता था। घर में नल लग जाने से अब इस समस्या से निजात मिल गई है। जल जीवन मिशन के काम जैसे-जैसे पूरे होते जा रहे हैं, महिलाओं की बाहर से पानी लाने की चिंता और तकलीफ दूर होते जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अब तक साढ़े आठ हजार से अधिक योजनाओं को पूर्ण कर संचालन के लिए पंचायतों को सौंपा जा चुका है।

जल जीवन मिशन महज हर घर तक पेयजल पहुंचाने की योजना नहीं है। यह महिलाओं की दिनचर्या और जीवन में भी बड़ा बदलाव ला रहा है। गांवों में परंपरागत रूप से घर में पेयजल और अन्य जरूरतों के लिए पानी के इंतजाम का जिम्मा महिलाओं पर ही है। घर तक पानी की पहुंच न होने के कारण उन्हें हैंडपंपो, सार्वजनिक नलों, कुंओं या अन्य स्रोतों से रोज पूरे परिवार के लिए जल संग्रहण करना पड़ता है। 

रोजाना का यह श्रमसाध्य और समयसाध्य काम बारिश तथा भीषण गर्मी के दिनों में और कठिन हो जाता है। कई इलाकों में गर्मियों में जलस्रोतों के सूख जाने के कारण दूर-दूर से पानी लाने की मजबूरी रहती है।

 परिवार के लिए पानी की व्यवस्था हर दिन का संघर्ष बन जाता है। महिलाओं के दिन के कई घंटे इसी काम में निकल जाते हैं। जल जीवन मिशन हर घर तक नल से जल पहुंचाने के साथ ही महिलाओं को कई समस्याओं से निजात दिला रहा है। घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचने से वे कई चिंताओं से मुक्त हो गई हैं। अब रोज-रोज पानी के लिए बहुत सारा श्रम और समय नहीं लगाना पड़ता। इससे उन्हें घर के दूसरे कामों, बच्चों की परवरिश, खेती-बाड़ी एवं आजीविका के अन्य कार्यों के लिए अधिक समय मिल रहा है और वे इन कार्यों पर अपना ज्यादा ध्यान व समय दे पा रही हैं।

जल जीवन मिशन से बारहों महीने घर पर ही जलापूर्ति से लगातार बारिश तथा गर्मी के दिनों में बाहर से पानी लाने की मुसीबत दूर हो गई है। गर्मियों में जलस्तर के नीचे चले जाने से तथा बरसात में लगातार बारिश से जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है। गुणवत्ताहीन पेयजल से पेट तथा निस्तारी के लिए खराब जल के उपयोग से त्वचा संबंधी रोगों का खतरा रहता है। जल जीवन मिशन ने सेहत के इन खतरों को भी दूर कर दिया है।

भूपेश सरकार के भ्रष्टाचार का नतीजा भुगत रही जनता, भाजपा का बड़ा आरोप


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  बेलतरा विधानसभा के ग्राम नगोई में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी जिला ग्रामीण ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा जिला ग्रामीण के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया ने कांग्रेस पर जनता के मुद्दों की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।

प्रणव शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सुशासन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इन शिविरों को राजनीतिक मंच बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को जनता की समस्याओं से अधिक अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की चिंता है।

उन्होंने खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्रदेश की सहकारी समितियों में किसानों को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। यदि कहीं कोई तकनीकी या आपूर्ति संबंधी समस्या है तो उसका समय रहते समाधान किया जा रहा है।

नल-जल योजनाओं को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जल जीवन मिशन सहित कई योजनाओं में अनियमितताओं के कारण आज कई स्थानों पर समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। वर्तमान सरकार उन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

बैमा क्षेत्र में निर्माणाधीन केंद्रीय जेल को लेकर उठ रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि परियोजना की स्वीकृति, स्थल चयन और निविदा प्रक्रिया पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में पूरी की गई थी। वर्तमान सरकार न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्य आगे बढ़ा रही है और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं तथा सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

अवैध प्लाटिंग और अवैध खनन के मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं, वे ही सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रणव शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार कार्य कर रही है, जो किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम और भय का वातावरण बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता वास्तविकता को भली-भांति समझती है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com