रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मौदहापारा थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन गुंडा-बदमाश को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब, नगदी और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 24 हजार 820 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहीद स्मारक भवन की पार्किंग में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम फिरोज खान (52 वर्ष) निवासी रजबंधा मैदान, थाना मौदहापारा बताया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी फिरोज खान क्षेत्र का आदतन गुंडा-बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें प्राप्त हो चुकी थीं। अवैध शराब कारोबार में उसकी सक्रियता को देखते हुए पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी।
आरोपी पर निगरानी रखने के लिए क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे। पुलिस की सख्ती बढ़ने पर आरोपी ने अपने घर से शराब बिक्री बंद कर दूसरे स्थानों पर अड्डा बनाना शुरू कर दिया था। वह लगातार जगह बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर रखा था। इसी कड़ी में मिली सटीक सूचना के आधार पर शहीद स्मारक भवन पार्किंग क्षेत्र में दबिश दी गई और आरोपी को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 36 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब, 500 रुपये नकद और एक होंडा एक्टिवा जब्त की गई। आरोपी शराब रखने और बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
