रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने और राज्य को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने को लेकर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से ग्लोबल ट्रैवल एसोसिएशन (GTA) के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बैठक में एयर कनेक्टिविटी, सड़क संपर्क, पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जीटीए ने मंत्री को 22 अगस्त को होने वाले कान्क्लेव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
पर्यटन स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर
जीटीए अध्यक्ष मनीष जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के साथ छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने, एयर कनेक्टिविटी और सड़क नेटवर्क को बेहतर करने तथा पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव दिए।
बैठक में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और राज्य के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ समृद्ध जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों के मामले में बेहद समृद्ध है। राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार, बेहतर संपर्क व्यवस्था और पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मंत्री ने पर्यटन के समग्र विकास को लेकर प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
22 अगस्त के GTA कान्क्लेव में शामिल होंगे मंत्री
मुलाकात के दौरान GTA के महासचिव शुभम अग्रवाल और कोषाध्यक्ष राहुल वासवानी ने पर्यटन मंत्री को 22 अगस्त को आयोजित होने वाले GTA कान्क्लेव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग और पर्यटन विभाग के मार्गदर्शन से निजी क्षेत्र और पर्यटन उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है। इससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के प्रयासों को भी गति मिलेगी।
बैठक में GTA के सदस्य आकाश दुधानी, आकाश अग्रवाल, अंशुल खरे, सनी बंसल, प्रणय और आयुष बजाज मौजूद रहे।

