रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित गोल्डन होम्स कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, चोरी की रकम से खरीदे गए सामान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत लगभग 6.28 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गोल्डन होम्स निवासी भरत छापड़िया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन और चार जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गया। परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर ने आलमारी और लॉकर खोलकर उसमें रखे सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के और नगदी पार कर दी। शिकायत के आधार पर खम्हारडीह थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान पुलिस को जल विहार कॉलोनी, तेलीबांधा निवासी डी रवि राव उर्फ बच्चन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी के कुछ जेवर और सामान अपने चचेरे भाई डी इग्नेश राव तथा परिचित अशोक मानिकपुरी के पास बिक्री और छिपाने के लिए रखे थे।
इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नगदी रकम, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन, एक कूलर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।
6.28 लाख का माल बरामद
- सोने एवं चांदी के जेवर
- चांदी के सिक्के
- नगद रकम
- चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल
- एक कूलर
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
- कुल बरामदगी : लगभग 6.28 लाख रुपये
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी डी रवि राव उर्फ बच्चन पूर्व में चोरी, मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं डी इग्नेश राव भी आर्म्स एक्ट के प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुका है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी रवि राव उर्फ बच्चन पहले भी चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं उसका सहयोगी डी इग्नेश राव आर्म्स एक्ट के मामले में पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
