बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को साइंस कॉलेज के राघवेंद्र राव सभाभवन में युवाओं से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों से संवाद किया। इस दौरान युवाओं को तिरंगा शपथ दिलाते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
देश को अपना समझकर निभाएं जिम्मेदारी
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। जरूरत इस बात की है कि प्रत्येक नागरिक यह महसूस करे कि देश उसका अपना है और इसे बेहतर बनाने में उसकी भी भूमिका है। युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी ऊर्जा, विचार और रचनात्मकता राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दे सकती है।
उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं को समाज सेवा और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देता है। देश को आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से मिली है। स्वतंत्रता का अर्थ मनमानी करना नहीं, बल्कि अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों को समझना भी है।
कलेक्टर ने कहा कि संविधान, कानून और नियमों का पालन करने के साथ हमें दूसरे लोगों के अधिकारों और सम्मान का भी ध्यान रखना चाहिए। प्रत्येक नागरिक यदि अपने स्तर पर ईमानदारी और जिम्मेदारी से काम करे तो वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
लक्ष्य तय करें और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें : एसएसपी
एसएसपी रजनेश सिंह ने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य तय कर दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करें।
एसएसपी ने साइबर अपराधों को लेकर भी युवाओं को सावधान किया। उन्होंने बताया कि जिले में 11 से 15 अगस्त तक साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे और बड़े पदों पर बैठे लोग भी साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ठग लगातार नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए अनजान लिंक, कॉल, मैसेज और ऑनलाइन लेन-देन में विशेष सावधानी जरूरी है।
हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का करें पालन
एसएसपी ने सड़क सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं से हेलमेट पहनने और यातायात के सभी नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान जा रही है। थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कई अनमोल जिंदगियां बचा सकता है।
उन्होंने कहा कि अनुशासन केवल नियमों का पालन नहीं है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों के जीवन के प्रति जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एनएसएस विश्वविद्यालय समन्वयक मनोज सिन्हा, कॉलेज प्राचार्य अवनीश साव सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं और युवा मौजूद रहे।

