बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मस्तूरी के गतौरा स्थित शासकीय कंपोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर लूट की वारदात करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित कर्ज में डूबे थे और शराब दुकान के लॉकर में रखी नकदी लूटकर कर्ज चुकाने की योजना बनाई थी। आरोपित पहले मोपका शराब दुकान पहुंचे थे, लेकिन वहां चहल-पहल देखकर योजना बदलकर गतौरा पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार तीन अगस्त की रात करीब 3:30 बजे गतौरा शराब दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज के पास चार नकाबपोश पहुंचे। काले कपड़े पहने आरोपितों ने दोनों को चाकू दिखाकर दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं होने पर आरोपितों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोपितों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ग्राइंडर कटर मशीन व छेनी से लॉकर काटने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
लॉकर नहीं टूटने और नकदी नहीं मिलने पर आरोपित दुकान के काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें, सुरक्षाकर्मियों के दो मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए आरोपितों ने सीसीटीवी का डीवीआर नदी में फेंक दिया था।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे। कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उन्होंने शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई। इसके लिए गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत अन्य सामान जुटाया गया था।
चारों आरोपित दोपहिया वाहनों से पहले मोपका शराब दुकान पहुंचे। वहां ज्यादा चहल-पहल होने के कारण उन्होंने वारदात टाल दी और चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा पहुंचे। यहां पूर्व नियोजित तरीके से सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लूट का प्रयास किया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने लगातार पतासाजी की। इसके बाद अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिंटू निषाद और सुशील निर्मलकर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी, दो लूटे गए मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू और अन्य औजार जब्त किए हैं।
मामले में एक अन्य आरोपित अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपित पूर्व में सीएमएस इंफो सिस्टम कंपनी में काम करता था और शासकीय मदिरा दुकानों से नकद राशि कलेक्शन करता था। मामले में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित
अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, 24 वर्ष, निवासी देखरीखुर्द, थाना तोरवा, बिलासपुर।
पिंटू निषाद, 25 वर्ष, निवासी धान मंडी के पीछे, तोरवा, बिलासपुर।
सुशील निर्मलकर, 24 वर्ष, निवासी हेमूनगर अटल आवास, बिलासपुर।

