बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सिरगिट्टी क्षेत्र में सड़क लाइट के लिए लगाए गए बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए चार बंडल बिजली पावर सप्लाई तार और वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार बरामद की गई है। पुलिस जांच में आरोपितों के खिलाफ अन्य थानों में भी चोरी समेत कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
एक किलोमीटर तार काटकर ले गए थे चोर
पुलिस के अनुसार तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट के लिए विद्युत पोल खड़े कर तार बिछाए गए थे। वर्तमान में यहां पावर सप्लाई बंद थी। इसी का फायदा उठाकर नौ और 10 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली का तार काटकर ले गए। चोरी गए तार की कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायत मिलने के बाद सिरगिट्टी थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध क्रमांक 571/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपितों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। संदेहियों से पूछताछ की गई और पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपितों से भी बारीकी से जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को चार संदिग्धों के बारे में अहम सुराग मिले। इसके बाद नीतेश पंडित, राजेश राय उर्फ रात्रे, विकास साण्डे और श्रीजीत जोशी को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चारों ने बिजली तार चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
चार बंडल तार और ओमनी कार बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी किए गए चार बंडल बिजली पावर सप्लाई तार बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार क्रमांक सीजी 10 एफए 2456 भी जब्त की गई है।
पुलिस जांच में आरोपितों के खिलाफ अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा थाना क्षेत्रों में भी अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है।
चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपित
- नीतेश पंडित, 22 वर्ष, निवासी अमोरा, थाना मुलमुला।
- राजेश राय उर्फ रात्रे, 32 वर्ष, निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला।
- विकास साण्डे, 22 वर्ष, निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला।
- श्रीजीत जोशी, 30 वर्ष, निवासी विद्युत नगर तिफरा, सिरगिट्टी, बिलासपुर।

