Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

हाथों में तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम्... बिलासपुर में दिखा देशभक्ति का ऐसा नजारा

सारे जहां से अच्छा... की धुन पर निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति में डूबा शहर

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले मंगलवार को न्यायधानी देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। बिलासपुर पुलिस की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस और स्काउट-गाइड के सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। पुलिस बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से भर गया।

पुलिस ग्राउंड से निकली तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 11 अगस्त को बिलासपुर पुलिस ने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा का शुभारंभ पुलिस ग्राउंड से हुआ। जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि और उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

पुलिस बैंड ने ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘मेरी देश की धरती’ जैसी देशभक्ति की धुनों से माहौल में जोश भर दिया। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में पुलिसकर्मियों के अलावा विभिन्न संस्थाओं के युवाओं ने भी उत्साह से भाग लिया।

जयघोष से गूंजा शहर

यात्रा के दौरान प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा लहराता रहा और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रॉस तथा स्काउट एंड गाइड के सदस्यों की सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया।

युवाओं ने दिया राष्ट्रएकता का संदेश

बिलासपुर पुलिस ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। विभिन्न संस्थाओं से जुड़े युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने की अपील की। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा