Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

कार में 5.32 ग्राम ‘ओजी’ लेकर घूम रहा था शोभित जजोदिया, पुलिस ने दबोचा

नशीले पदार्थ की डिलीवरी से पहले पुलिस ने दबोचा, 7.65 लाख का माल जब्त

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तिफरा नया बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर कार में मादक पदार्थ लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपित के कब्जे से 5.32 ग्राम ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’, करीब सात लाख रुपये कीमत की सेल्टोस कार और 50 हजार रुपये कीमत का आइफोन बरामद किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7.65 लाख रुपये बताई गई है।

बस स्टैंड में घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग की सेल्टोस कार से तिफरा नया बस स्टैंड के आसपास महंगा नशीला पदार्थ लेकर पहुंचने वाला है।

सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम ने नया बस स्टैंड तिफरा के पास घेराबंदी की। मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन के आधार पर संदिग्ध कार को रोका गया।

तलाशी में मिला नशीला पदार्थ

पुलिस ने कार सवार युवक की तलाशी ली। उसके कब्जे से 5.32 ग्राम मादक पदार्थ ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने अवैध परिवहन में इस्तेमाल सेल्टोस कार क्रमांक CG10AS3131, जिसकी कीमत करीब सात लाख रुपये है, जब्त की।

आरोपित के पास से एप्पल आइफोन 16 प्रो, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त किया गया। पुलिस ने कुल जब्ती की कीमत करीब 7 लाख 65 हजार रुपये बताई है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजा

गिरफ्तार आरोपित की पहचान शोभित जजोदिया उर्फ अक्षत (32) निवासी लिंक रोड, तारबहार, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ सिरगिट्टी थाने में अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20ए में कार्रवाई की है।

आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा