बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / बेलतरा विधानसभा के ग्राम नगोई में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी जिला ग्रामीण ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा जिला ग्रामीण के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया ने कांग्रेस पर जनता के मुद्दों की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।
प्रणव शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सुशासन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इन शिविरों को राजनीतिक मंच बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को जनता की समस्याओं से अधिक अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की चिंता है।
उन्होंने खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि प्रदेश की सहकारी समितियों में किसानों को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। यदि कहीं कोई तकनीकी या आपूर्ति संबंधी समस्या है तो उसका समय रहते समाधान किया जा रहा है।
नल-जल योजनाओं को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जल जीवन मिशन सहित कई योजनाओं में अनियमितताओं के कारण आज कई स्थानों पर समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। वर्तमान सरकार उन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।
बैमा क्षेत्र में निर्माणाधीन केंद्रीय जेल को लेकर उठ रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि परियोजना की स्वीकृति, स्थल चयन और निविदा प्रक्रिया पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में पूरी की गई थी। वर्तमान सरकार न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्य आगे बढ़ा रही है और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं तथा सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
अवैध प्लाटिंग और अवैध खनन के मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं, वे ही सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रणव शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार कार्य कर रही है, जो किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम और भय का वातावरण बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता वास्तविकता को भली-भांति समझती है।
