LATEST NEWS
Loading Latest News...

झांसी से रायपुर तक गांजे का खेल! 4 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

रायपुर। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़  /  रायपुर के नॉर्थ जोन क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कुल 13 किलो 451 ग्राम गांजा बरामद किया है। इन मामलों में दो अंतर्राज्यीय आरोपियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए गांजे और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 72 हजार रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी, पंडरी और उरला थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पहले मामले में गुढ़ियारी थाना पुलिस ने कबीर चौक ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बाजार के पास दो युवकों को गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश रायकवाड़ और धीरज रायकवाड़ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 किलो 866 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 93 हजार रुपये बताई गई है।

दलदल सिवनी में गांजा बेचते युवक गिरफ्तार

दूसरे मामले में पंडरी थाना पुलिस ने दलदल सिवनी स्थित कचरा गोदाम के पास एक युवक को कथित तौर पर गांजा बेचते हुए पकड़ा। आरोपी की पहचान कमलेश पटेल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 2 किलो 285 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

उरला में भी कार्रवाई

तीसरे मामले में उरला थाना पुलिस ने बीरगांव के बुधवारी बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए संतराम निषाद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 53 हजार रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


पुरानी दुश्मनी का खूनी अंजाम ! 3 पर टूट पड़े हथियारबंद युवक

दुर्ग। TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित जामुल थाना क्षेत्र में तीन लोगों पर कथित तौर पर डंडे और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 16 जून की रात घासीदास नगर स्थित बाम्बे आवास इलाके में हुई। शिकायतकर्ता रूखमणी मारकण्डेय ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने पुराने विवाद को लेकर संतु मारकण्डेय, सतीश मारकण्डेय और दीपक साहू के साथ गाली-गलौज की और फिर उन पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुराने विवाद के कारण घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल डंडा और धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष साहू उर्फ अंशु साहू, दिनेश साहू उर्फ दीनू, विजय यादव उर्फ करण यादव, परिचय उर्फ गुलशन यादव और मोहम्मद आसिफ शामिल हैं। मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।


साइबर ठगी की रकम ठिकाने लगाने वाले 30 खाताधारक गिरफ्तार

दुर्ग। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़  /  भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दुर्ग जिले के थाना उतई पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े म्यूल अकाउंट नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। जांच के दौरान IDFC First Bank के कई संदिग्ध खातों में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के प्रमाण मिलने पर पुलिस ने 30 खाताधारकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में जमा की जाती थी और बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर अथवा नकद निकासी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था। विवेचना के दौरान बैंक से प्राप्त केवाईसी दस्तावेज, खाता विवरण और ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट का परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपियों के खातों में लाखों रुपये का संदिग्ध और अनधिकृत लेन-देन हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों  भूपेन्द्र हिरवानी, नवलेश्वर पाटले, पवन सिंह, आकाश चन्द्राकर,अर्पण शुक्ला और मुकेश सिंह ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल सिम अन्य व्यक्तियों को साइबर ठगी से जुड़े आर्थिक लेन-देन के लिए उपलब्ध कराए थे। इसके बदले उन्हें कमीशन या आर्थिक लाभ मिलता था।

मामले में थाना उतई में अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3) एवं 318(4) के तहत कार्रवाई की गई। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

कार से महुआ शराब की तस्करी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले की कोतरारोड़ पुलिस ने एक कार से बिक्री के लिए ले जाई जा रही 13 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस को अपने सुचना तंत्र से मालुम हुआ कि कृष्णापुर क्षेत्र से एक सफेद रंग की कार में अवैध कच्ची महुआ शराब रायगढ़ लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कृष्णापुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की जांच की। जांच के दौरान सफेद रंग की कार क्रमांक CG-10-FA-5263 को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम दिनेश कुमार चौहान तथा साथ बैठी महिला ने अपना नाम उषा चौहान बताया।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली,  पुलिस को डिक्की में रखे दो झोलों से कुल 130 पाउच कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच में 100 एमएल शराब भरी हुई थी। इस तरह कुल 13 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1300 रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने 13 लीटर महुआ शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।

यातायात पुलिस की सख्ती, ऑटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म और नियम पालन अनिवार्य

बिलासपुर। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में शहर में यातायात व्यवस्था को सरल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।

यातायात पुलिस द्वारा ऑटो चालक संघों और संगठनों के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों, यात्री सुरक्षा और जिम्मेदार वाहन संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। यातायात विभाग के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पिछले एक दिन में 100 से अधिक ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई, जबकि बीते माह कुल 1177 ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। 

पुलिस ने ऑटो चालकों से अपील की है कि वे महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखें तथा यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखें।

यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर ही ऑटो का संचालन करें। अधिकारियों का कहना है कि यूनिफॉर्म से ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित होगी और किसी भी विवाद, दुर्घटना या आपराधिक घटना की स्थिति में संबंधित चालक तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। पुलिस ने सात दिनों के भीतर सभी ऑटो चालकों को ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर ऑटो चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज कर न्यायालय भेजा जाएगा। 


हाईवा के टायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़  /  हिरी थाना पुलिस ने ट्रक से टायर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम झलफा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ी ट्रक के चार टायर चोरी किए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस बताती है कि दीपक सिंह मरकाम ने थाना हिरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झलफा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ी ट्रक क्रमांक CG 04 PII 0757 से 9.20 साइज के चार टायर डिस्क सहित चोरी कर लिए गए हैं। चोरी गए टायरों की कीमत लगभग 80 हजार रुपये है। शिकायत के आधार पर थाना हिरी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एफआईआर के बाद पुलिस जांच के दौरान 16 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तीन युवक ट्रकों के टायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ऋषि धीवर ने अपने साथियों संदीप कश्यप, शेखर चंद्राकर और मालटन उर्फ मीनू बैसवाड़े के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं देने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं - अरुण साव

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर में स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई का औचक निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यों को जल्दी पूरा करने, सुविधाएं बढ़ाने तथा प्रशिक्षण केंद्र की अधोसरंचना को मजबूत करने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने निरीक्षण के दौरान मैपलवुड फ्लोरिंग, तीरंदाजी मैदान, हॉकी गैलरी एवं फ्लड लाइट, कबड्डी इण्डोर व आउटडोर मैदान, एच.व्ही.ए.सी. कार्य तथा आउटडोर स्टेडियम के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से हॉस्टल के रखरखाव की जानकारी लेते हुए नाराजगी व्यक्त की कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से राशि उपलब्ध होने के बावजूद आवश्यक मेंटेनेंस कार्य समय पर नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसाधनों की उपलब्धता के बाद भी काम में देरी स्वीकार्य नहीं है।

उप मुख्यमंत्री ने कार्यों की धीमी गति पर नाखुशी जाहिर करते हुए अधिकारियों से कहा कि बिलासपुर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा मुख्यालय है। यहां खिलाड़ियों की सुविधा बढ़ाने किए जा रहे कार्यों की गति बहुत धीमी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता, एसडीओ, कार्यपालन अभियंता एवं अन्य अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ सभी कार्यों में तेजी लाते हुए इन्हें योजनाबद्ध तरीके से शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने संयुक्त बैठक कर लंबित कार्यों को जल्दी पूरा करने की कार्ययोजना बनाने तथा 15 दिनों के भीतर सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की वस्तुस्थिति के बारे में उप मुख्यमंत्री कार्यालय आकर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता श्री बी.बी.एस. गौतम को दिए।

श्री साव ने इण्डोर स्टेडियम में मैपलवुड फ्लोरिंग के लिए वर्ष 2017 में कार्यादेश जारी होने के बावजूद इसके अब तक अधूरे रहने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी तथा उप अभियंता पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक कार्यों का लंबित रहना गंभीर विषय है। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने इण्डोर स्टेडियम में एच.व्ही.ए.सी. कार्य के लिए अतिरिक्त राशि की जरूरत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के पहले स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एच.व्ही.ए.सी. कार्य तेजी से पूर्ण करने तथा डक्टिंग की पूर्ण रूप से सफाई करने को कहा। उन्होंने एस.ई.सी.एल. द्वारा दो करोड़ की लागत से बनाए जा रहे तीरंदाजी मैदान के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान इसका निर्माण आगामी जुलाई तक पूर्ण कराने के निर्देश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री ए. एक्का को दिए। उन्होंने आउटडोर स्टेडियम में स्थापित हाई मास्ट लाइट के तत्काल मरम्मत के भी निर्देश दिए। 

श्री साव ने निर्माणाधीन कबड्डी इण्डोर एवं आउटडोर मैदान की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को प्रमुख अभियंता कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर जानकारी प्रस्तुत करने तथा मंत्रालय से समन्वय कर पुनरीक्षित स्वीकृति प्राप्त करने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्टेडियम परिसर का निरीक्षण कर अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने हॉकी मैदान में बन रहे पैवेलियन में अधिकारियों के लिए टॉयलेट बनाने के साथ ही दर्शकों के लिए टॉयलेट की संख्या में बढ़ोतरी के भी निर्देश दिए।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com