बिलासपुर। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़ / हिरी थाना पुलिस ने ट्रक से टायर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम झलफा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ी ट्रक के चार टायर चोरी किए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस बताती है कि दीपक सिंह मरकाम ने थाना हिरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम झलफा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़ी ट्रक क्रमांक CG 04 PII 0757 से 9.20 साइज के चार टायर डिस्क सहित चोरी कर लिए गए हैं। चोरी गए टायरों की कीमत लगभग 80 हजार रुपये है। शिकायत के आधार पर थाना हिरी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एफआईआर के बाद पुलिस जांच के दौरान 16 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तीन युवक ट्रकों के टायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ऋषि धीवर ने अपने साथियों संदीप कश्यप, शेखर चंद्राकर और मालटन उर्फ मीनू बैसवाड़े के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
