बिलासपुर। (नवीन वाहिनीपति) TODAY छत्तीसगढ़ / पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में शहर में यातायात व्यवस्था को सरल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।
यातायात पुलिस द्वारा ऑटो चालक संघों और संगठनों के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों, यात्री सुरक्षा और जिम्मेदार वाहन संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। यातायात विभाग के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पिछले एक दिन में 100 से अधिक ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई, जबकि बीते माह कुल 1177 ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने ऑटो चालकों से अपील की है कि वे महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखें तथा यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखें।
यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर ही ऑटो का संचालन करें। अधिकारियों का कहना है कि यूनिफॉर्म से ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित होगी और किसी भी विवाद, दुर्घटना या आपराधिक घटना की स्थिति में संबंधित चालक तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। पुलिस ने सात दिनों के भीतर सभी ऑटो चालकों को ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर ऑटो चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज कर न्यायालय भेजा जाएगा।

