रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति को 1120 नग गोगो रैपर के साथ पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन रैपरों की शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे बिक्री करता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 9 जून की रात रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशे में उपयोग किए जाने वाले गोगो रैपर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
पुलिस ने संदिग्ध की पहचान सिंधी कॉलोनी, चक्रधरनगर निवासी 38 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा के रूप में की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो कार्टूनों में रखे 20 डिब्बों से कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त सामग्री तिल्दा (जिला रायपुर) से लगभग 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था। इसके बाद वह इन्हें शहर के विभिन्न पान ठेलों में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार इन रैपरों का उपयोग तंबाकूयुक्त फ्लेवर अथवा गांजा भरकर नशे के रूप में किया जाता है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोटपा एक्ट सहित प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री तथा युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे को बढ़ावा देने वाले हर माध्यम और उससे जुड़े कारोबारियों पर पुलिस की कड़ी नजर है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








