रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला को प्रेम जाल में फंसाया, शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके अंतरंग फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर क्षेत्र की 40 वर्षीय महिला ने 28 मई 2026 को थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि मार्च 2026 में कोरबा रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात बिलासपुर निवासी अक्षय कुमार कुम्हरानी से हुई थी। आरोपी ने खुद को पुलिस विभाग में कार्यरत बताते हुए वर्दी वाली तस्वीरें भेजीं और विवाह का प्रस्ताव रखकर विश्वास जीत लिया।
महिला का आरोप है कि आरोपी को उसके अकेले रहने की जानकारी मिलने के बाद वह गांव पहुंचा और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान आरोपी ने उसकी जानकारी के बिना अंतरंग फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।
पीड़िता ने बताया कि बाद में रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में मां के इलाज के दौरान भी आरोपी उससे मिला और निजी फोटो-वीडियो दिखाकर संबंध बनाए रखने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
शिकायत के मुताबिक 27 मई को आरोपी ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम तथा फेसबुक पर अपलोड कर दिए। इसके बाद वह सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार ब्लैकमेल करता रहा और जान से मारने की धमकी भी देता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चक्रधरनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 296, 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-ई, 67 और 67-ए के तहत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अक्षय कुमार कुम्हरानी (31) निवासी डोडकी, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ साइबर ब्लैकमेलिंग, निजी तस्वीरों के दुरुपयोग और सोशल मीडिया के माध्यम से उत्पीड़न के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
