Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ब्रांडेड बोतल में बिक रहा था जहर ! रायगढ़ में नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश

चायपत्ती से बन रही थी शराब, पुलिस रेड में खुला करोड़ों का खेल

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में संयुक्त दबिश के दौरान 240 लीटर नकली एवं मिलावटी शराब बरामद की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने अपने प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा। वहां से खरीदी गई शराब के लेबल, होलोग्राम और गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी के ठिकाने पर छापा मारा।

दबिश के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दुष्यंत पटेल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके घर परिसर स्थित कोठे से रॉयल स्टेज, आईबी, रिजर्व क्वार्टर, गोवा, ब्लैक डॉग, गोल्डन गोवा और किंगफिशर बीयर जैसे नामी ब्रांडों की पैकिंग में भारी मात्रा में नकली शराब बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और साथी विनय सिंह के साथ मिलकर अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब खरीदता था। इसके बाद स्प्रिट, अन्य रसायनों और रेड लेबल चायपत्ती का इस्तेमाल कर शराब की मात्रा बढ़ाई जाती थी। पुरानी शराब की बोतलों को साफ कर उन पर नकली लेबल और फर्जी होलोग्राम लगाकर दोबारा पैकिंग की जाती थी। तैयार माल को कोचियों के माध्यम से बाजार में असली शराब के साथ खपाया जाता था। 

पुलिस ने मौके से 869 नग विभिन्न पैमानों की करीब 240 लीटर नकली शराब, 560 ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली और बड़ी संख्या में खाली बोतलें जब्त की हैं। बरामद शराब की कीमत 2.16 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

आरोपी दुष्यंत पटेल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह कोरोना काल से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपी सुभाष पटेल और विनय सिंह की तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा