रायगढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रायगढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सुशासन तिहार: जनता की समस्याओं का हो त्वरित समाधान - साय

रायगढ़ । TODAY छत्तीसगढ़  /  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सुशासन तिहार का सकारात्मक प्रभाव अब गांव-गांव और आमजन तक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है और प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन का मूल दायित्व है।

      सुशासन तिहार के तहत बिलासपुर संभाग के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री साय ने बिलासपुर में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों, राजस्व मामलों, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक, श्री धर्मजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला, श्री दिलीप डहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित मुख्यमंत्री के सचिव श्री दयानंद पी, विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कमिश्नर सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग सहित पांचों जिलों के कलेक्टर एसपी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 

       मुख्यमंत्री ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा से बाहर एवं एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अन्य राजस्व प्रकरण सीधे आम जनता के जीवन एवं आजीविका से जुड़े होते हैं, इसलिए इनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए निरंतर निगरानी रखी जाए। साथ ही वर्षा ऋतु के आगमन के साथ संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को अग्रिम तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं के संबंध में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।

कृषि तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद एवं बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या न आए तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के कारण डीएपी उर्वरक की सीमित उपलब्धता का उल्लेख करते हुए किसानों को वैकल्पिक उर्वरकों जैसे एसएसपी, यूरिया, नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत भी कम की जा सकती है।

    महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक संख्या में "ड्रोन दीदी" तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए। इससे कृषि क्षेत्र में तकनीक का विस्तार होगा और महिलाओं के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वे स्वयं 27 जिलों में आयोजित शिविरों में शामिल होकर जनता से सीधे संवाद कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि जनता का शासन और प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है। यह सुशासन तिहार की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 28वीं किश्त जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सतत निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही सुशासन का वास्तविक उद्देश्य है।

​पति कमाता रहा, पत्नी मायके में लुटाती रही! ऐसे खुला 22 लाख के गबन का राज

रायगढ़/घरघोड़ा / TODAY छत्तीसगढ़ । पति की जीवन भर की गाढ़ी कमाई और करोड़ों की संपत्ति हड़पने के एक बड़े षड्यंत्र का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पत्नी ही मास्टरमाइंड निकली, जिसने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके भाई (साले) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि ससुर की तलाश जारी है।

​घरघोड़ा के छाल रोड स्थित वार्ड क्रमांक 5 निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल (41) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पिंगल फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया से जुड़े कार्य करते हैं। वर्ष 2008 में उनका विवाह सीमा यादव (अब सीमा बघेल) से हुआ था। व्यवसाय अच्छा चलने पर पिंगल अपनी दिन भर की कमाई पत्नी सीमा को सुरक्षित रखने के लिए सौंप देते थे। इसी दौरान उनके ससुर भरतलाल यादव और साले कृष्ण कुमार यादव का उनके घर आना-जाना बढ़ गया।

CCTV से खुला राज, बेरोजगार साले के खाते में मिले 22 लाख

वर्ष 2014 में व्यवसायी को संदेह हुआ कि आमदनी के हिसाब से घर में नकदी नहीं बच रही है। सच्चाई जानने के लिए उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। फुटेज खंगालने पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि पत्नी सीमा अलमारी से रुपये निकालकर चुपके से अपने भाई कृष्ण कुमार को दे रही है। पुलिस जांच में जब कृष्ण कुमार के बैंक खातों की जांच की गई, तो पता चला कि बेरोजगार होने के बावजूद उसके खाते में करीब 22 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन हुए हैं।

मुआवजे के लालच में जबरन नाम कराई जमीन

साजिश यहीं नहीं रुकी। वर्ष 2022 में पिंगल बघेल ने तमनार क्षेत्र में अधिग्रहण योग्य भूमि खरीदने की योजना बनाई, जिस पर भविष्य में करोड़ों रुपये का मुआवजा और नौकरी मिलने की संभावना थी। इसका पता चलते ही ससुर, साले और पत्नी ने दबाव बनाकर करीब 13 लाख 50 हजार रुपये की उस जमीन की रजिस्ट्री सीमा बघेल के नाम पर करवा ली। इसके बाद अन्य संपत्तियों को हथियाने के लिए व्यवसायी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

एसडीओपी की जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी को जांच सौंपी। जांच में चोरी, धोखाधड़ी और गबन के आरोप सही पाए गए। इसके बाद 3 जून 2026 को घरघोड़ा थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 61(2), 49, 318(4), 303(2), 316(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में 4 जून को आरोपी पत्नी सीमा बघेल और साले कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

आर्थिक अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा: एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, "धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने का मौका नहीं दिया जाएगा। पीड़ितों को न्याय दिलाना और ऐसे आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com