LATEST NEWS
Loading Latest News...
धमतरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धमतरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

भाजपा के पुराने वीडियो को एडिट कर फैलाया भ्रामक संदेश, दो गिरफ्तार

धमतरी।  TODAY छत्तीसगढ़  / सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो को एडिट कर उसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर भ्रामक संदेश के साथ प्रसारित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने भाजपा कार्यालय में पार्टी का झंडा फहराए जाने के पुराने वीडियो में डिजिटल बदलाव कर उसे इस तरह प्रसारित किया, जिससे लोगों के बीच गलत संदेश जाने की स्थिति बनी।

पुलिस के मुताबिक मामले में भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (35), दोनों निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

22 मार्च के वीडियो को किया गया एडिट

पुलिस के अनुसार, मूल वीडियो 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का था। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फहराया था और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।

शिकायत और जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी पुराने वीडियो को डाउनलोड कर कथित तौर पर एडिट किया गया। आरोप है कि वीडियो के साथ “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे भ्रामक संदेश जोड़े गए। इसके अलावा वीडियो में तिरंगे का प्रतीक भी जोड़े जाने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद एडिट किया गया वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रसारित किया गया।

मोबाइल जांच में मिला एडिटिंग का साक्ष्य

पुलिस के मुताबिक मामले में सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा 336(4) और 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को नोटिस देकर पूछताछ की गई और उनके मोबाइल फोन की विधिवत जांच की गई।

पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन में अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन भी मिले। जांच में मूल वीडियो डाउनलोड किए जाने और News Banao App के जरिए उसमें बदलाव किए जाने के साक्ष्य मिले।

आरोपियों ने वीडियो बाद में डिलीट करने की बात बताई। हालांकि पुलिस को इंस्टाग्राम के Recently Deleted सेक्शन में भी संबंधित वीडियो के साक्ष्य मिले। पुलिस ने इनके स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया।

डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार राकेश निराला के मोबाइल फोन में भाजपा कार्यकर्ताओं के पार्टी का झंडा फहराने से संबंधित तस्वीरें भी मिलीं। इन तस्वीरों के स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया गया।

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।

पुलिस ने की सोशल मीडिया यूजर्स से अपील

धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी वीडियो, तस्वीर या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और संदर्भ की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने कहा कि किसी पुराने वीडियो को एडिट कर भ्रामक संदर्भ में प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

पुलिस ने नागरिकों से संवेदनशील विषयों से जुड़ी सामग्री को बिना पुष्टि आगे साझा नहीं करने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की है।

अनुपयोगी भूमि पर उगी समृद्धि, राष्ट्रीय पहचान बना धमतरी मॉडल

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में औषधीय एवं सुगंधीय पौधों की खेती का मॉडल महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका का सफल उदाहरण बनकर उभरा है। राज्य औषधीय पादप बोर्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई इस पहल ने अनुपयोगी भूमि को आय के स्रोत में बदल दिया है। अब सरकार इस मॉडल का विस्तार 150 एकड़ से बढ़ाकर 500 एकड़ तक करने की तैयारी में है।

राज्य सरकार के अनुसार, महिलाओं को सिंदूरी, सतावर, अश्वगंधा, खस, ब्राह्मी, बच, लेमनग्रास, पामारोजा और पचौली जैसे औषधीय पौधों की निःशुल्क पौध सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और उत्पाद की शत-प्रतिशत खरीद (बाय-बैक) की व्यवस्था भी की गई है, जिससे किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को विपणन की चिंता नहीं रहती।

वर्ष 2025 में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस पहल के पहले चरण में करीब 150 एकड़ क्षेत्र में 200 महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं को जोड़ा गया। सरकार का दावा है कि कई क्षेत्रों में औषधीय खेती से प्रति एकड़ करीब एक लाख रुपये तक की आय प्राप्त होने लगी है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

महिला समूहों से जुड़ी सदस्याओं का कहना है कि इस योजना ने उनकी आय बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बैंकिंग, समूह प्रबंधन और उद्यमिता से भी जोड़ा है। वहीं कई किसान अब पारंपरिक धान की खेती के साथ औषधीय फसलों को भी अपनाने लगे हैं।

सरकार का कहना है कि यह पहल केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि औषधीय पौधों की नर्सरी, प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग), आवश्यक तेल निष्कर्षण, पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मॉडल को महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। उनके अनुसार, औषधीय खेती का विस्तार राज्य में 'लखपति दीदी' अभियान को गति देने के साथ स्थानीय संसाधनों पर आधारित आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था विकसित करने में भी मददगार होगा।

धमतरी के इस मॉडल को वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में औषधीय एवं सुगंधीय पौधों के कृषिकरण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया गया था। अब राज्य सरकार का लक्ष्य इस मॉडल का विस्तार कर 500 से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ना और औषधीय खेती को प्रदेश में बड़े स्तर पर बढ़ावा देना है।


धामन सांप और गोह का शिकार कर दावत, वीडियो ने पहुंचाया जेल

धमतरी के बिरगुड़ी आरक्षित वन में धामन सांप और गोह का शिकार कर उनका मांस पकाने और खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 
धमतरी। TODAY छत्तीसगढ़  /  धामन सांप और गोह का शिकार कर उनका मांस पकाकर खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वन विभाग के अनुसार, 4 जुलाई को बिरगुड़ी परिक्षेत्र के खैरभर्ती बीट स्थित आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 433 में तीन धामन सांप और एक गोह का शिकार किया गया। आरोपियों ने वन्यजीवों को कांकेर जिले के ग्राम भनसुली ले जाकर उनके टुकड़े किए और मांस पकाकर खाया। इसके बाद पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

वीडियो सामने आने के बाद धमतरी वनमंडल के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। धमतरी और कांकेर वनमंडल के वनकर्मियों तथा यूएसटीआर (एंटी पोचिंग) टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम भनसुली में दबिश दी और पूछताछ के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार टेकाम (26), घसिया (20), प्रदीप नेताम (20), शैलेन्द्र कुमार यादव (26), शिवानंद मरकाम (23) सहित एक अन्य आरोपी शामिल है। सभी आरोपी कांकेर जिले के ग्राम भनसुली के निवासी हैं।

वन विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है।

बाइक से गिरते ही पिकअप ने कुचला, युवक की मौके पर मौत


धमतरी।
 TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मगरलोड थाना क्षेत्र में हुआ, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी यशवंत निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से मगरलोड थाना क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और युवक सड़क पर जा गिरा। 

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक गिरते ही पास से गुजर रही तेज रफ्तार पिकअप उसके ऊपर चढ़ गई। पिकअप का पहिया युवक के सिर पर चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हादसे की भयावहता पर दुख जता रहे हैं।

वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी डायरेक्टर से धक्का-मुक्की


धमतरी। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  धमतरी जिले के अंतिम छोर पर बसे जैतपुरी गांव में सोमवार को वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के साथ धक्का-मुक्की की गई, जबकि कई वनकर्मियों के साथ मारपीट कर उनकी वर्दियां फाड़ दी गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में पेड़ कटाई और अवैध कब्जों के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही थी। इसी सिलसिले में 166 ग्रामीणों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नोटिस जारी किए गए थे। कुछ ग्रामीणों ने नोटिस का जवाब दिया था, लेकिन उनके बयान दर्ज नहीं हो सके थे।

सोमवार को वन विभाग की टीम बयान दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जैतपुरी गांव पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद गांव में तनाव बढ़ गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने महिलाओं को आगे कर वन अमले को घेर लिया और टीम पर हमला कर दिया। घटना में डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के साथ धक्का-मुक्की की गई, वहीं कई वनकर्मियों को चोटें आई हैं। महिला वनकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने बताया कि 166 अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गांव गई थी। 4 लोगों को पकड़ने के बाद ग्रामीण उग्र हो गए और हाथापाई शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि बाकी 162 ग्रामीणों ने 5 दिन बाद सरेंडर करने की बात कही है। मामले में वन विभाग ने सिहावा थाने में शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। 

तेज रफ़्तार हाईवा चालक की लापरवाही से दो छात्रों की मौत, तीसरा गंभीर

 धमतरी /  TODAY छत्तीसगढ़  / आज रविवार सुबह धमतरी में 3 लोगों को एक हाईवा चालाक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुये रौंद दिया। हादसे में 12 वर्ष के 2 छात्र की मौत हो गई वही एक गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि हाईवा रेत लेने जा रहा था। सड़क हादसे की खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची, वाहन कब्जे में लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है, इधर घटना के बाद गांव में आक्रोशित भीड़ ने चक्काजाम कर दिया ।  मामला जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलोनी का है। अलसुबह 2 छात्र मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस बीच एक हाईवा धमतरी से सलोनी की ओर रेत भरने जा रहा था, तभी हाईवा ने छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा व्यक्ति रोड किनारे में जा गिरा, इसके बाद तत्काल केरेगांव थाना में सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची। शव को जिला अस्पताल मच्युरी में भेज दिया गया।

घटना की भनक लगते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों की मांग थी कि गाँव के भीतरी रास्ते से रेत ढोने वाले भारी वाहनों की आवाजाही बंद कराई जाए। आक्रोशित ग्रामीणें ने करीब 6 घंटे तक यातायात बाधित रखा जिसके चलते आम राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिला प्रशासन की ओर से आये जिम्मेदार अधिकारियों की समझाईश और आश्वासन पर गुस्साई भीड़ सड़क से हटी।  

Accident : पुलिस जवानों से भरी बस हादसे का शिकार, कई जवान घायल


धमतरी। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस जवानों से भरी बस ओवरटेक के दौरान एक ट्रक से टकरा गई। इस सड़क हादसे में 16 जवान घायल हुए हैं जिसमें से 4 की हालत गंभीर बनी हुई है जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक़ सुकमा से जवानों को रिफ्रेशर कोर्स करने के लिए 28 सितंबर को रायपुर स्थित माना कैंप भेजा गया था। जहां से प्रशिक्षण खत्म होने के बाद बुधवार को वापस सुकमा लौट रहे थे। बस में महिलाओं समेत 20 जवान सवार थे। पुलिस जवानों ने बताया कि, करीब 1:30 बजे वो रायपुर से रवाना हुए थे। रास्ते में एक जगह खाना खाने के लिए रुके। इसके बाद संबलपुर के पास करीब 4 बजे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई। फिलहाल घायल जवानों का इलाज धमतरी जिला अस्पताल में चल रहा है। बाकी दो महिला प्रधान आरक्षकों को रायपुर रेफर कर दिया गया है। 

हादसे में जो जवान घायल हुए - 

घायलों में मुख्य रूप से प्रधान आरक्षक श्रवण दीवान, स्वाति दीप तिर्की, पार्वती कश्यप और पूर्णिमा कोड़ोपी शामिल है। वहीं आरक्षक सोयम हीरा, पोडियम हिड़मा, कट्टम रमेश, सुरेश दास, अनिल अहिरवार, वेक्को सुकड़ा, धनेश्वरी ध्रुव, ताती हिड़मे, बिंदेश्वरी नेताम, नूतन कुंजाम, टुकेश्वरी नाग और कुमारी माडवी मंगली भी घायल है।

दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग भाई ने की बड़े भाई की हत्या, तीन गिरफ्तार


TODAY छत्तीसगढ़  / धमतरी /  ग्राम भठेली भखारा में मामूली बात पर नाबालिग छोटे भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी। हत्या में संलिप्त 2 आरोपी सहित अपचारी बालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 

पुलिस के अनुसार थाना भखारा क्षेत्रांतर्गत ग्राम भेंडसर जाने के मार्ग से करीबन 80 मीटर अंदर शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी भखारा संतोष जैन तत्काल अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया। शव की शिनाख्त टिकेंद्र उर्फ पप्पू निषाद (21)भठेली भखारा थाना भखारा जिला धमतरी के रूप में हुई। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा मौके पर परिस्थितिजन्य व भौतिक साक्ष्य एकत्रित करते हुए मर्ग पंजीबद्ध कर शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया ।

TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

मामले की जांच में पता चला कि मृतक टिकेंद्र उर्फ पप्पू निषाद ने घर के पैसे से नई मोटरसाइकिल खरीदी थी, जिसे घटना के 15 दिन पूर्व उसका छोटा भाई चलाने के लिए ले जा रहा था। जिस बात पर मृतक ने अपने छोटे भाई को खूब डांटा, साथ ही उसे दो-तीन थप्पड़ भी लगाया तथा दोनों के मध्य खेत में काम करने की बात को लेकर भी झगड़ा हुआ था, जिससे वह बहुत कुंठित था। 

मामले की सूक्ष्मतम जांच के दौरान मृतक के परिजनों से पूछताछ में उसके छोटे भाई द्वारा संतुष्टिप्रद जवाब नहीं देने व अपने तथा बड़े भाई के दोस्तों का नाम नहीं बताते हुए गुमराह करने पर संदेह हुआ। जिस पर घटना के दिन व उससे पूर्व के बारे में पृथक-पृथक विस्तृत पूछताछ करने पर अंतत: वह टूट गया और बड़े भाई के द्वारा डांटने-मारने से आक्रोशित होना बताया तथा उससे बदला लेने के लिए उसकी हत्या करने का प्लान बनाया। सुनियोजित ढंग से बनाए गए प्लान में उसने मोहल्ले के राकेश नेताम व प्रदीप साहू को शामिल कर सही समय तथा मौके की तलाश करने लगा। 

घटना 28 जुलाई को ये तीनों मिलकर पूर्व नियोजित ढंग से मृतक टिकेश उर्फ पप्पू निषाद को अपने साथ शराब भट्टी ले गए तथा अपने आप को छुपाते हुए उसे रुपए देकर शराब खरीदने के लिए भेजें। सभी साथ बैठकर शराब पिए, टिकेंद्र उर्फ पप्पू निषाद को ज्यादा शराब पिलाए, जिससे उसे तुरंत नशा हो गया। फिर घर वापस लौटते समय फ्रेंड्स ढाबा के आगे सड़क मार्ग से करीबन 80 मीटर अंदर ले जाकर हल्का नीला आसमानी रंग के गमछा से गला घोटकर हत्या कर देना बताया। 

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश नेताम, प्रदीप साहू एवं अपचारी बालक को तत्काल हिरासत में लिया गया। मेमोरेंडम कथन, अपराध स्वीकारोक्ति एवं उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर अपने बड़े भाई की हत्या करने वाले अपचारी बालक तथा घटना में संलिप्त उसके 2 साथियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

ट्रेक्टर की ठोकर से मोटरसाईकिल सवार महिला की मौत, दो घायल

 TODAY छत्तीसगढ़  / धमतरी। लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही जिसमें रोजाना लोगो की जाने जा रही है। आज सुबह भी शांति कॉलोनी चौक में एक दर्दनांक दुर्घटना घटी जिसमें एक महिला की मौत हो गई। 

TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें   

 मिली जानकारी के अनुसार बालोद जिला के ग्राम तितुरगहन की रहने वाली महिला मैती बाई साहू अपने पति और जेठ के साथ मोटरसाइकिल में सवार होकर नगरी क्षेत्र अपने मायके जा रही थी। वही शहर के शांति कॉलोनी के पास सामने से रेत लेकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को अपने चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि महिला के पति को मामूली चोटें आई है। हादसे में मृत महिला का जेठ सुरक्षित है। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया गया है।  
                                      

गाँव में दहशत फैला रहा तेंदुआ पकड़ा गया, देखें वीडियो

 

TODAY छत्तीसगढ़  /  धमतरी। क्षेत्र में दहशत मचा रहे तेंदुआ को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया. तेंदुएं के पकड़े जाने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. तेंदुए को वन विभाग की टीम ने सीतानदी टाईगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया है.                                                                                  

                                           

बता दें ब्लॉक मुख्यालय से लगे ग्राम मुकुंदपुर सड़क पारा के पास 15 मई को तेंदुए ने एक 8 वार्षिक बच्चे पर हमला कर दिया था. हमले में बच्चे की मौत हो गई थी, जिसके बाद से ही वन विभाग द्वारा घटना स्थल के आसपास पिंजरा लगा कर तेंदुए की तलाश की जा रही थी. शनिवार की सुबह तेंदुआ उस पिंजरे में फंस गया. वन विभाग की टीम ने तेंदुए को उदंती सीतानदी टाईगर रिजर्व के रिसगांव रेंज से दूर जंगल में ले जाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया है.इस दौरान मौके पर डीएफओ सतोविशा समाजदार, आईएफएस आलोक बाजपाई, रेंजर जीएस परमार, वनरक्षक गोपाल वर्मा सहित वन विभाग की टीम मौजूद थी. 

ख़बर ये भी है - एक तस्वीर जिसे कुछ ही घंटों में 55 हजार से अधिक लोगों ने देखा  -  

डीएफओ सतोविशा समाजदार ने बताया कि, 2 दिन से गांव के आसपास तेंदुआ भ्रमण कर रहा था इसके बाद सीसीएफ से अनुमति मांगी गई थी. अनुमति मिलने के बाद घोटूपारा मुकुंदपुर में पिंजरा लगाया गया था जिसके अंदर बकरा रखा गया था. आखिरकार तेंदुआ पिंजरे में फंस गया. तेंदुए को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है.


.. जब दरवाज़ा खुला तो भीतर जलती हुई लाश मिली

TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ राज्य के धमतरी इलाके में अंधेरे कमरे में एक महिला की अधजली लाश मिलने की खबर से वनांचल में सनसनी फैल गई है । पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानकर अपराध दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। राजधानी से फारेसिंक एक्सपर्टो की टीम को भी बुलाया गया था जिनके हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं, फिलहाल पुलिस इस मामले में ज्यादा कुछ कहने से बच रही है।
धमतरी के सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलरगांव निवासी बसंती प्रजापति (30) पति पवन प्रजापति की अधजली लाश उनके घर में शुक्रवार की सुबह मिली। पुलिस की माने तो मृतिका बसंती की दो बेटी और एक बेटा है। बड़ी बेटी चांदनी रोज की तरह रात में सोने के लिए अपने बड़े पिता के घर गई थी, जो सुबह घर पहुंची। जिसने पहले तो दरवाजा में धुआ देखा और अंधेरे वाली कमरे में अधजली लाश देख आस-पास पड़ोस के लोगों को आवाज लगाई। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। एएसपी मनीषा ठाकुर ने भी मौके का बारिकी से मुआयना किया। इसके बाद घटना स्थल में राजधानी से पहुंचे फारेसिंक एक्सपर्ट की टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाया है।
पीएम रिपोर्ट का इंतजार - 
महिला बसंती ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने उसकी हत्या की है। यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। जिसके बाद ही आगे जांच कार्रवाई में तेजी आएगी। घटना स्थल से मिट्टी तेल का जरकीन भी बरामद किया गया है। वही यह चर्चा भी हो रही है कि आखिर अंधेरे कमरे में ही क्यो मृतिका ने सुसाईड किया। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें -
एएसपी धमतरी, मनीषा ठाकुर ने बताया बसंती की मौत के मामले की पुलिस टीम जांच कर रही है। घटना स्थल में पूरी कार्रवाई का वीडियो रिकार्र्डिंग कराई गई है। एफएसएल की टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। जिसके आधार पर आगेे जांच की जाएगी।
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा