धमतरी। TODAY छत्तीसगढ़ / सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो को एडिट कर उसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर भ्रामक संदेश के साथ प्रसारित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने भाजपा कार्यालय में पार्टी का झंडा फहराए जाने के पुराने वीडियो में डिजिटल बदलाव कर उसे इस तरह प्रसारित किया, जिससे लोगों के बीच गलत संदेश जाने की स्थिति बनी।
पुलिस के मुताबिक मामले में भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (35), दोनों निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
22 मार्च के वीडियो को किया गया एडिट
पुलिस के अनुसार, मूल वीडियो 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का था। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फहराया था और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।
शिकायत और जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी पुराने वीडियो को डाउनलोड कर कथित तौर पर एडिट किया गया। आरोप है कि वीडियो के साथ “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे भ्रामक संदेश जोड़े गए। इसके अलावा वीडियो में तिरंगे का प्रतीक भी जोड़े जाने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद एडिट किया गया वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रसारित किया गया।
मोबाइल जांच में मिला एडिटिंग का साक्ष्य
पुलिस के मुताबिक मामले में सिटी कोतवाली में बीएनएस की धारा 336(4) और 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को नोटिस देकर पूछताछ की गई और उनके मोबाइल फोन की विधिवत जांच की गई।
पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन में अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन भी मिले। जांच में मूल वीडियो डाउनलोड किए जाने और News Banao App के जरिए उसमें बदलाव किए जाने के साक्ष्य मिले।
आरोपियों ने वीडियो बाद में डिलीट करने की बात बताई। हालांकि पुलिस को इंस्टाग्राम के Recently Deleted सेक्शन में भी संबंधित वीडियो के साक्ष्य मिले। पुलिस ने इनके स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार राकेश निराला के मोबाइल फोन में भाजपा कार्यकर्ताओं के पार्टी का झंडा फहराने से संबंधित तस्वीरें भी मिलीं। इन तस्वीरों के स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया गया।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
पुलिस ने की सोशल मीडिया यूजर्स से अपील
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी वीडियो, तस्वीर या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और संदर्भ की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने कहा कि किसी पुराने वीडियो को एडिट कर भ्रामक संदर्भ में प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से संवेदनशील विषयों से जुड़ी सामग्री को बिना पुष्टि आगे साझा नहीं करने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की है।

