Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

रात में क्रेशर मिल साफ करने पहुंचे चोर, अगले दिन पुलिस की गिरफ्त में

क्रेशर मिल की चोरी का पूरा माल बरामद, तीन गिरफ्तार

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  कोटा थाना क्षेत्र के बाकीघाट स्थित एक क्रेशर उद्योग में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी का सामान खरीदने के आरोप में एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

रात में क्रेशर मिल में घुसकर चोरी

पुलिस के मुताबिक, रतनपुर निवासी राजकुमार गोयल ने 11 अगस्त को कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की रात बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग से कई मशीनरी पार्ट्स और अन्य सामान चोरी हो गया।

चोरी गए सामान में जैपलेट, रोलर, क्रेशर का शाफ्ट, जाली का शाफ्ट, जाली, टाइगर प्लेट, जाली कवरिंग और साइट प्लेट समेत अन्य सामान शामिल था। पुलिस ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है। शिकायत के आधार पर कोटा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV और पूछताछ से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने रंजीत शिकारी (25) और अमृत शिकारी (40), दोनों निवासी बाकीघाट, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने चोरी का सामान मालती मानिकपुरी (50), निवासी मौहारखार, कोटा को बेचने की बात भी स्वीकार की।

चोरी का पूरा माल बरामद करने का दावा

पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया 100 फीसदी सामान बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मामले में चोरी करने वाले आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाली महिला के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश और ग्रामीण क्षेत्र के अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज की टीम ने की।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा