बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / रतनपुर के महामाया चौक में देर रात डंडे का भय दिखाकर युवक से लूट करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान 17 अगस्त की रात रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से इलाज कराने के बाद घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे वे महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचे, तभी ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि युवकों ने युवक को रोककर गाली-गलौज की और पैसों की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने डंडा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी पैंट की जेब से करीब 1,200 रुपये निकालकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी नीलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों और ऑटो की तलाश शुरू की। जांच के दौरान संदिग्धों का संबंध बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र स्थित इमलीभाठा से सामने आया।
पुलिस ने दबिश देकर राहुल दुबे (25), पवन कुमार गौहर (19) और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में पुलिस ने आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने का दावा किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है। दोनों बालिग आरोपियों और विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया।

