अयोध्या। TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के रामभक्तों की श्रद्धा बुधवार को अयोध्या पहुंची। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी ने परिवार के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और क्षेत्र के श्रद्धालुओं की ओर से एकत्र किए गए नारियल भगवान के चरणों में अर्पित किए।
यह कार्यक्रम तीन दिवसीय ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ के तहत आयोजित किया गया था। यात्रा के दौरान बिलासपुर और बेलतरा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं ने नारियल अर्पित किए थे। आयोजकों के मुताबिक, इन नारियलों को अयोध्या ले जाकर रामलला को समर्पित करने का उद्देश्य श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को व्यक्त करना था।
‘नारियल नहीं, श्रद्धालुओं की भावनाएं लेकर पहुंचे’
रामलला के दर्शन के बाद विजय केशरवानी ने कहा कि अयोध्या में उन्होंने केवल नारियल नहीं, बल्कि बिलासपुर और बेलतरा क्षेत्र के रामभक्तों की भावनाएं अर्पित की हैं।
उन्होंने कहा, “जब इन नारियलों को रामलला के श्रीचरणों में रखा तो लगा जैसे बिलासपुर और बेलतरा का पूरा ननिहाल अपने भांचा श्रीराम के दरबार में उपस्थित होकर प्रणाम कर रहा है।”
केशरवानी ने कहा कि मंदिर से जुड़ी हाल की घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं, लेकिन यात्रा का उद्देश्य किसी के विरोध के बजाय श्रद्धा और समर्पण की भावना को सामने रखना था। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने अपनी पीड़ा को विवाद का रूप देने के बजाय उसे आस्था और संकल्प में बदलने का प्रयास किया।
छत्तीसगढ़ में श्रीराम को ‘भांचा’ मानने की परंपरा का उल्लेख
केशरवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा में भगवान श्रीराम को ‘भांचा’ मानने की भावना गहरी है। इसी भाव के साथ बिलासपुर और बेलतरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने अयोध्या में अपनी श्रद्धा पहुंचाई।
उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ के लिए श्रीराम केवल आराध्य नहीं, हमारे भांचा हैं। इसी आत्मीय रिश्ते के साथ क्षेत्र के लोगों ने अपनी श्रद्धा अयोध्या तक पहुंचाई है।”
काशी, देवघर और विंध्याचल में भी किए दर्शन
अयोध्या पहुंचने से पहले विजय केशरवानी ने परिवार के साथ देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम, काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर, दुर्गा कुंड स्थित मां दुर्गा मंदिर, सारनाथ के बाबा सारंगनाथ महादेव, कैथी स्थित बाबा मार्कंडेय महादेव और विंध्याचल की मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना की।
उन्होंने इन धार्मिक स्थलों पर छत्तीसगढ़, बिलासपुर, बेलतरा और प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
तीन दिन तक एकत्र किए गए थे नारियल
‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ के दौरान बेलतरा विधानसभा और बिलासपुर क्षेत्र में श्रद्धालुओं से नारियल एकत्र किए गए थे। केशरवानी ने कहा कि किसी श्रद्धालु ने इसे मनोकामना के साथ दिया तो किसी ने आशीर्वाद और श्रद्धा के प्रतीक के रूप में।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में इन नारियलों का समर्पण यात्रा का संकल्प पूरा होने जैसा है। उनके मुताबिक, यात्रा का संदेश यही था कि आस्था को ठेस पहुंच सकती है, लेकिन सच्ची श्रद्धा समाप्त नहीं होती।

