बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार को लेकर बिलासपुर पुलिस का साइबर जागृति अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को सीएम दुबे पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंटरनेट और मोबाइल आज जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इनके बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध का खतरा भी बढ़ा है। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना जरूरी है।
OTP, UPI और APK फ्रॉड से रहें सावधान
एसएसपी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी। इनमें OTP फ्रॉड, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराध शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, CVV या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान स्रोत से APK अथवा अन्य फाइल डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। एसएसपी ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की जानकारी जितनी जल्दी पुलिस और संबंधित तंत्र तक पहुंचाई जाएगी, ठगी की रकम को रोकने या उसके आगे के लेन-देन पर कार्रवाई की संभावना उतनी ही बढ़ सकती है।
‘साइबर सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी’
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान को व्यापक बनाने के लिए विद्यार्थियों से ‘जागरूकता सेल्फी’ लेकर उसे व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के स्टेटस पर साझा करने की अपील भी की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, CMD कॉलेज चेयरमैन संजय दुबे, प्राचार्य, प्राध्यापक, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

