धमतरी के बिरगुड़ी आरक्षित वन में धामन सांप और गोह का शिकार कर उनका मांस पकाने और खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग के अनुसार, 4 जुलाई को बिरगुड़ी परिक्षेत्र के खैरभर्ती बीट स्थित आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 433 में तीन धामन सांप और एक गोह का शिकार किया गया। आरोपियों ने वन्यजीवों को कांकेर जिले के ग्राम भनसुली ले जाकर उनके टुकड़े किए और मांस पकाकर खाया। इसके बाद पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद धमतरी वनमंडल के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। धमतरी और कांकेर वनमंडल के वनकर्मियों तथा यूएसटीआर (एंटी पोचिंग) टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम भनसुली में दबिश दी और पूछताछ के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार टेकाम (26), घसिया (20), प्रदीप नेताम (20), शैलेन्द्र कुमार यादव (26), शिवानंद मरकाम (23) सहित एक अन्य आरोपी शामिल है। सभी आरोपी कांकेर जिले के ग्राम भनसुली के निवासी हैं।
वन विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है।
.png)
.jpeg)