पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में सास और देवर को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति, सास और देवर दहेज की मांग को लेकर लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डराया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 149/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 296, 119(1), 115(2), 351(3), 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुषमा पाण्डेय (50) और अस्वनी पाण्डेय (23), निवासी शांतिनगर, वैशाली नगर, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है। वहीं, दुर्ग पुलिस ने महिलाओं से घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस या डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

.jpeg)