पुलिस ने पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग और नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये ठगने के आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पीड़िता की मुलाकात पवन बधोरिया (43) से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद आरोपी ने पूजा-पाठ, निजी खर्च और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में महिला से करीब 85 लाख रुपये ले लिए। करीब दो साल बाद भी न तो किसी तरह का लाभ मिला और न ही रकम लौटाई गई। पीड़िता द्वारा पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देकर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 343/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक खाते से लिंक एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र, शेयर ट्रेडिंग, नौकरी या मोटे मुनाफे का लालच देकर धन मांगने वाले लोगों से सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी को बड़ी रकम न दें।

.jpeg)