Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों का स्क्रैप चोरी, पुलिस ने गिरोह पर कसा शिकंजा

फ्लू डस्ट की आड़ में लोहे की चोरी, 3.22 करोड़ की जब्ती के बाद कार्रवाई तेज

भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट की आड़ में लौह स्क्रैप चोरी करने वाले संगठित गिरोह के दो और आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक 15 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि करीब 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति पहले ही जब्त की जा चुकी है।
भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़  /  भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह पिछले चार-पांच महीनों से योजनाबद्ध तरीके से स्क्रैप चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ कमा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली। मौके से बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप भी बरामद किया गया।

जांच में सामने आया कि बीएसपी से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप चोरी कर उसे ए.के. ट्रेडर्स में इकट्ठा किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप, परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनरी जब्त की थी। कुल जब्ती का अनुमानित मूल्य करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताया गया है।

विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बीएसपी के दो कर्मचारियों हिमांशु भूषण मलिक (54) और मनोज कुमार देवांगन (58) को भी गिरफ्तार किया है। दोनों की मामले में कथित संलिप्तता सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा