Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

'पैसा दोगुना' का सपना दिखाकर करोड़ों ठगे, ऐरिना कैपीटल का संचालक गिरफ्तार

पहले दिया मुनाफा, फिर करोड़ों लेकर गायब... निवेश घोटाले में बड़ा एक्शन

पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले ऐरिना कैपीटल के संचालक योगेश साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़  /  शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा और निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले ऐरिना कैपीटल के संचालक योगेश साहू को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ पहले से भी कई निवेशकों से धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, मैत्री विहार निवासी राजू नामदेव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऐरिना कैपीटल के संचालक और उसके सहयोगियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपये निवेश कराए। शुरुआत में भरोसा कायम रखने के लिए कुछ रकम मुनाफे के रूप में लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि इसी तरीके से कई अन्य निवेशकों से भी करोड़ों रुपये की कथित ठगी की गई। विभिन्न शिकायतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना सुपेला और चौकी स्मृति नगर में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने फरार आरोपी योगेश साहू (35) को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया का रहने वाला है और वर्तमान में दुर्ग के कातुलबोर्ड स्थित पामवुड रेसिडेंसी में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संस्था की वैधानिकता और पंजीयन की जांच अवश्य करें। अवास्तविक मुनाफा या रकम दोगुनी करने जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा