Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

एक प्लॉट... कई खरीदार! जमीन के नाम पर लाखों की ठगी, दंपती गिरफ्तार

जमीन दिखाकर लिया ब्याना, रजिस्ट्री से पहले खुल गया करोड़ों जैसा खेल

दुर्ग के पुलगांव थाना पुलिस ने एक ही जमीन का सौदा कई लोगों से कर करीब 8 लाख रुपये की कथित ठगी करने के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अन्य लोगों से भी उसी प्लॉट के नाम पर ब्याना लेकर धोखाधड़ी की थी।
दुर्ग। TODAY छत्तीसगढ़  /  एक ही जमीन को कई लोगों को बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये की कथित ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने का भरोसा देकर अलग-अलग लोगों से ब्याना और उधारी के नाम पर रकम ली, लेकिन जमीन किसी और के नाम दर्ज निकली।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नोकेश देशमुख और नेहा देशमुख, निवासी ग्राम दमोदा, ने ग्राम अंजोरा स्थित खसरा नंबर 615/10 के प्लॉट नंबर-8 का सौदा 5.50 लाख रुपये में किया था। इस दौरान प्रार्थी से ऑनलाइन और नकद मिलाकर 5.20 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा व्यावसायिक जरूरत बताकर प्रार्थी की मां से 2.80 लाख रुपये एनईएफटी के जरिए ले लिए गए। इस तरह दोनों ने कुल 8 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।

रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। जब प्रार्थी ने भूइयां पोर्टल पर जमीन की जानकारी निकाली तो पता चला कि संबंधित भूमि पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीकृत है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इसी प्लॉट के नाम पर दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा और दिनेश कुमार पांडे सहित अन्य लोगों से भी ब्याना लेकर कथित धोखाधड़ी की है।

मामले में पुलगांव थाना पुलिस ने धारा 318(4) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और धोखाधड़ी से जुड़े अतिरिक्त तथ्यों की जांच जारी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित दस्तावेजों और स्वामित्व का पूरी तरह सत्यापन अवश्य कर लें।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा