वाहन क्षतिग्रस्त होने का तनाव, मोबाइल टॉवर से कूदकर दी जान


दुर्ग। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक द्वारा बीएसएनएल टावर से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आकाश चंद्रिका पुरे (21 वर्ष) निवासी नंदिनी नगर टाउनशिप के रूप में हुई है। वह डिप्लोमा प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। घटना रविवार को बीएसपी अस्पताल के पीछे स्थित टाउनशिप क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की गाड़ी एक दिन पहले दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस वजह से वह मानसिक तनाव में आ गया था। बताया जा रहा है कि उसे डर था कि परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर डांट-फटकार का सामना करना पड़ेगा। इसी आशंका में उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने दी जान, फरार महिला गिरफ्तार


भिलाई नगर ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  सुपेला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लगातार पैसों की मांग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज मामले में स्मृति नगर चौकी पुलिस ने फरार महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 मार्च 2026 की है। हाउसिंग बोर्ड कोहका निवासी मोहन रामटेके (42 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए थे। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन मर्ग जांच में जो खुलासा हुआ, उसने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

जांच में सामने आया कि मृतक को कुछ लोग लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोपी लगातार उससे 1 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इतना ही नहीं, वे फोन पर धमकियां देने के साथ-साथ घर पहुंचकर भी दबाव बना रहे थे। इसी उत्पीड़न से टूटकर मोहन रामटेके ने आखिरकार आत्मघाती कदम उठा लिया।

फरार आरोपिया चढ़ी पुलिस के हत्थे

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया था। मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपिया सोनिया गोस्वामी फरार थी। स्मृति नगर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दबिश दी और आरोपिया को उसके गृह ग्राम जेवरासिरसा (थाना पुलगांव) से गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल साक्ष्य और दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

भाजपा का 47वां स्थापना दिवस: सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ प्रदेशभर में कार्यक्रमों की धूम


रायपुर ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को छत्तीसगढ़ में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पार्टी ध्वज फहराकर कार्यक्रमों की शुरुआत की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भाजपा के संस्थापक पुरोधाओं की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा किसी एक परिवार, जाति या वर्ग की पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र को जोड़ने वाला एक सशक्त संगठन है। उन्होंने भारत को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह लक्ष्य कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ और समर्पण से ही संभव है। सीएम साय ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में भाजपा कार्यकर्ता सेवा और समर्पण के कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की सेवा में जुटे हुए हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, रंजना साहू, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, श्यामबिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

🟠 जगदलपुर में भी दिखा जोश

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जगदलपुर स्थित जिला कार्यालय में ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मेहनती और निष्ठावान है, और इन्हीं के परिश्रम से आज पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनी है। प्रदेशभर के जिला कार्यालयों में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। 

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सिम्स में “जेंडर फॉर हेल्थ” विषय पर आयोजन


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सिम्स चिकित्सालय, बिलासपुर में “जेंडर फॉर हेल्थ” थीम पर एक व्यापक एवं जागरूकता से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं जेंडर समानता के महत्व को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    कार्यक्रम के दौरान क्विज, पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, लैंगिक समानता एवं समाज में जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी वर्गों की समान भागीदारी आवश्यक है।

     यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे विश्व स्वास्थ्य संगठन की थीम “जेंडर फॉर हेल्थ” के अनुरूप किया गया। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ, जिसमें स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में देशभर के सैकड़ों मेडिकल कॉलेजों में चल रही समान गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई, जिससे प्रतिभागियों को व्यापक दृष्टिकोण प्राप्त हुआ।

      कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया एवं उनके प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर उपस्थित विशेषज्ञों ने छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सिम्स चिकित्सालय के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह एवं नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कश्यप की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही डॉ. हेमलता ठाकुर, डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. अर्चना सिंह  डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ. सचिन पांडे एवं डॉ. विवेक शर्मा सहित संस्थान के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com